दरियाबाद में सीएम योगी आदित्यनाथ तो महादेवा में जनसभा करेंगे डिप्टी सीएम केशव मौर्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आती जा रही है वैसे-वैसे बड़े नेताओं के जनसभा में आने का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। आज जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व डिप्टी सीएम केशव मौर्या भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा कर भाजपा के पक्ष में मतदान करने का माहौल बनाएंगे। दोनों कार्यक्रमों का लेकर भाजपाई देर रात तक तैयारियों में जुटे रहे। हेलीपैड के साथ मंच निर्माण को लेकर तैयारियां देर शाम तक पूरी कर ली गईं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था काे लेकर प्रशासनिक अमला भी अपनी तैयारियों में जुटा रहा। 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दोपहर 2 बजे दरियाबाद विधानसभा के जेठौती कुर्मियान गांव के निकट एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। वह यहां भाजपा के पक्ष में माहौल बनाकर फैजाबाद प्रत्याशी लल्लू सिंह काे जिताकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करने की अपील करेंगे। लोकसभा फैजाबाद की दरियाबाद विधानसभा बाराबंकी जिले में आती है। फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र की दरियाबाद विधानसभा में होने वाली इस जनसभा को लेकर राज्यमंत्री सतीश शर्मा समेत तमाम भाजपा नेता मौके पर डटे रहे। वहीं प्रशासनिक अमला भी चुनाव आचार संहिता पर ध्यान रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी में लगा रहा। 

क्षेत्रीय विधायक व राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने बताया कि रैली की सफलता के लिए जनसंपर्क कर लोगों से प्रतिभाग करने की अपील लोगों से की गई है। इससे पहले सोमवार को रैली स्थल पर निर्मित पंडाल, मंच और हेलीपैड का निरीक्षण कर राज्य मंत्री ने तैयारियों को परखा। इसके साथ की यातायात, पेयजल, पार्किंग आदि की व्यवस्था के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ की रैली ऐतिहासिक होगी और लोकसभा के साथ विधानसभा दरियाबाद में रिकार्ड तोड़ मतों से लल्लू सिंह विजयी भी होंगे।

वहीं पौराणिक महादेवा की धरती पर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भाजपा प्रत्याशी राजरानी रावत के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। यह जनसभा सुबह 11 बजे तहसील रामनगर के महादेवा ऑडिटोरियम में होगी। डिप्टी सीएम के इस जनसभा को लेकर तेजी से तैयारियां देर रात तक की जाती रहीं। देर रात तक भाजपा नेताओं की उपस्थिति में ऑडिटोरियम में टेंट, लाइट लगाने की व्यवस्था की जाती रही। ऑडिटोरियम के पीछे हेलीपैड खेत में बनाया गया है। 

एसपी दिनेश कुमार सिंह ने सोमवार को हेलीपैड और जनसभा स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया व पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। वहीं डिप्टी सीएम भोले की नगरी में आने पर यहां प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव के दर्शन भी कर सकते हैं। इसे लेकर भी प्रशासनिक व पार्टी नेताओं द्वारा तैयारियां की गई है।

ये भी पढ़ें -PM मोदी आज करेंगे नामांकन, 12 राज्यों के CM समेत गठबंधन के नेता रहेंगे मौजूद

संबंधित समाचार