Fatehpur: युवक ने पुलिस पर लगाया पिटाई का आरोप, वीडियो किया वायरल, बोला- वर्दी के डर से नहीं की शिकायत
फतेहपुर (थरियांव), अमृत विचार। विकलांग सर्टिफिकेट बनवाने के लिए साधन का इंतजार कर रहे युवक को पुलिस ने लाठी डंडों से जमकर मारा पीटा। मारपीट में युवक का पैर टूट गया। युवक ने बताया कि साथ में खड़ी अन्य सवारियों को भी पुलिस में जमकर मारा पीटा। पुलिस की दहशत से पीड़ितों ने थाने में शिकायत नहीं की है।
थरियांव थाना क्षेत्र असोथर रोड निवासी राजेश कुमार लोधी पुत्र स्वर्गीय छोटेलाल लोधी ने बताया कि सोमवार दोपहर में वह विकलांग सर्टिफिकेट बनवाने फतेहपुर जाने के लिए थरियांव बाईपास थाने के सामने साधन का इंतजार कर रहा था। तभी वहीं पर थाने की सरकारी कार में सवार होकर कुछ पुलिसकर्मी पहुंचे और साधन का इंतजार कर रहे
युवक व अन्य राहगीरों पर पुलिस ने जमकर लाठियां बरसाई। पुलिस की मारपीट में कई लोग घायल हो गए। जबकि युवक का पैर टूट गया। राहगीरों ने मारपीट करने का पुलिस से वजह पूछा तो बिना कुछ बताएं कार में बैठे और चले गए। पुलिस की दहशत से किसी पीड़ित में थाने में कोई शिकायत नहीं की है।
कस्बे में चर्चा रही कि एक हफ्ते पहले भी थरियांव कस्बा सरांय में कुछ पुलिसकर्मी रात में गए और सो रही मुस्लिम महिलाओं पर लाठियां बरसाई। हालांकि पुलिस की दहशत से उन लोगों ने भी थाने में कोई शिकायत नहीं किया था। थानाध्यक्ष रंजीत बहादुर सिंह ने बताया कि ऐसी कोई घटना उनके संज्ञान में नहीं है। शिकायत होने पर जांच पड़ताल की जाएगी।
