बदायूं: 60 साल की उम्र में दूसरी शादी...महिला जायरीन को बनाता था हैवानियत का शिकार, पुलिस ने भेजा जेल

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बदायूं, अमृत विचार: बड़े सरकार की दरगाह पर आने वाली युवतियों, महिलाओं को शिकार बनाने के आरोपी राहत से पूछताछ के बाद पुलिस ने बुधवार को जेल भेजा है। वह कई युवतियों और महिलाओं को अपनी हैवानियत का शिकार बना चुका है। आरोपी ने बताया कि वह दो शादी कर चुका है। पहली पत्नी से दो बच्चे हैं। दूसरी शादी 60 साल की उम्र में की। जिससे एक बच्चा है। उससे परेशान होकर दूसरी पत्नी कुछ दिन पहले उसे छोड़कर चली गई थी। 

शहर में बड़े सरकार की दरगाह विश्व विख्यात है। देश से लेकर विदेशों से भी जायरीन यहां पहुंचते हैं। मानसिक रूप से कमजोर लोगों का यहां इलाज भी कराते हैं। महीनों और सालों तक तीमारदार अपनी मरीज को लेकर यहीं रुक जाते हैं। दहगाह की भीतर टीनशेड डालकर रहने वाला राहत मिस्त्री दरगाह के पास चाद बेचने का काम करता है। तीन दिन पहले बिजनौर निवासी एक महिला ने एसएसपी से शिकायत करके बताया था कि वह बच्चे के इलाज के लिए दरगाह आई थी। 

बच्चे का इलाज चल रहा था। तकरीबन 15 दिन पहले राहत किसी बहाने से उन्हें दुकान के भीतर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसा और मारपीट की। जान से मारने की धमकी भी दी। महिला ने अन्य महिलाओं को युवतियों का शारीरिक शोषण करने की बात कही। एसएसपी के आदेश पर आरोपी राहत मिस्त्री के खिलाफ दुष्कर्म, धमकाने और मारपीट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई। 

जिसके बाद दो और महिलाएं सामने आईं। उन्होंने आरोपी राहत के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने उनकी तहरीर पर भी आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की थी। मंगलवार को दरगाह के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। काफी देर तक उससे पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने कबूल किया है कि वह मानसिक रूप से कमजोर युवतियों, महिलाओं और महिला जायरीनों को शिकार बनाता है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। पुलिस ने विवेचना शुरू की है। आरोपी की शिकार हुई अन्य महिलाओं की जानकारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बदायूं: गोवंश भगाने के दौरान पटरी पर बैठा किसान, ट्रेन की चपेट में आकर मौत

संबंधित समाचार