पीलीभीत: चीनी मिल गेस्ट हाउस के पास मिला फिटर का शव, परिवार को हत्या का शक...मचा कोहराम 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीसलपुर, अमृत विचार: संदिग्ध परिस्थितियों में सहकारी चीनी मिल के सीजनल फिटल की मौत हो गई। उसका शव चीनी मिल अतिथि ग्रह के सामने पड़ा मिला।  इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। शव पोस्टमार्टम को भेज पुलिस छानबीन में जुट गई है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भोगापुर निवासी नन्हे लाल का पुत्र कुंवरसेन (38) चीनी मिल में सूचीबद्ध फिटर का काम करता था। वह मिल परिसर स्थित एक आवास में अपने परिवार के साथ रह रहा था। 

शनिवार सुबह करीब दस बजे वह बाजार से सब्जी और अन्य घरेलू सामान खरीद कर लाया था। उसके घर में रखने के बाद पत्नी नीना देवी से कहा कि उसे कोई फोन करके बुला रहा है, संबंधित व्यक्ति से मिलकर जल्द वापस आने की बात कहकर निकल गया। काफी देर बाद भी वह वापस नहीं लौटा। दोपहर करीब एक बजे चीनी मिल अतिथि ग्रह के सामने सड़क किनारे कुंवरसेन का शव पड़ा मिला। 

शव पर कुछ कर्मचारियों की नजर पड़ी तो भीड़ जमा हो गई। चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक जयप्रकाश यादव को सूचना दी गई। जिस पर वह भी पहुंच गए। जिंदा होने की आस में उसे सीएचसी भिजवाया गया, वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिवार वाले भी जानकारी मिलने पर आ गए। शव देखते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। परिजन का कहना था कि गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो लोगों से रंजिश चल रही है। इसे लेकर हत्या की आशंका जताई।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: रातभर लापता रहने के बाद चकरोड पर मिला युवक का शव, हत्या की आशंका...पुलिस छानबीन में जुटी

संबंधित समाचार