पीलीभीत: रातभर लापता रहने के बाद चकरोड पर मिला युवक का शव, हत्या की आशंका...पुलिस छानबीन में जुटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत/बरखेड़ा, अमृत विचार: घर से कुछ देर में वापस आने की बात कहकर निकले शिक्षामित्र के पुत्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रात भर लापता रहने के बाद उसका शव घर से आधा किलोमीटर की दूरी पर पड़ोसी गांव में चकरोड पर पड़ा मिला। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। परिवार ने हत्या किए जाने की बात तो कही लेकिन किसी तरह की रंजिश से इनकार किया है। पुलिस शव पोस्टमार्टम को भेज छानबीन कर रही है।

गजरौला थाना क्षेत्र के लखाखास गांव के निवासी मैकूलाल शिक्षामित्र हैं। उनका 27 वर्षीय पुत्र विजय कुमार शुक्रवार रात करीब आठ बजे घर से खाना खाकर निकला था।  पिता के पूछने पर उसने जल्द वापस आने की बात कही थी। मगर वापस नहीं लौटा। कुछ देर इंतजार करने के बाद परिवार वाले बेफ्रिक होकर सोने चले गए।  शनिवार सुबह जागने पर पता चला कि रातभर विजय घर लौटा ही नहीं है।  

जिसके बाद परिवार वालों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने एकजुट होकर युवक की तलाश शुरू कर दी।  सुबह करीब दस बजे लापता युवक का शव घर से करीब 500-600 मीटर की दूरी पर बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम सहपुरा में चकरोड पर पड़ा मिला। खेतों पर काम करने जा रहे लोगों की नजर शव पर पड़ी तो भीड़ जमा हो गई।  

इसकी जानकारी मिलने पर परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। शव के एक कान से खून निकल रहा था। गले में सूजन थी और शरीर पर कई जगह खाल जली हुई थी।  जिसे देख परिवार वालों ने हत्या का आरोप लगाया। हालांकि रंजिश से इनकार कर दिया।  इसकी सूचना पुलिस को दी गई।  

इंस्पेक्टर बरखेड़ा अरविंद सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। परिवार वाले लगातार हत्या करने की बात कहते रहे। पुलिस ने जांच कर निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: पर्यटन नियमों का उल्लंघन किया तो सफारी वाहनों पर होगी कार्रवाई, टाइगरों के नजदीक जाकर की जा रही फोटोग्राफी पर डीडी ने लिया एक्शन

संबंधित समाचार