संभल: एक रात में पांच घरों के ताले तोड़े, चार घरों से लाखों का समान समेट ले गए चोर
चन्दौसी/बनियाठेर, अमृत विचार: बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर में शुक्रवार की रात चोरों ने तांडव मचाया। पांच घरों के ताले तोड़कर चोर चार घरों से लाखों के जेवर-नकदी व सामान चोरी कर ले गए। एक घर में भूसा मिला। दो नलकूपों की कोठरियों में कूमल लगाया, जबकि अन्य स्थानों पर चोरों को कुछ नहीं मिला। एक रात में कई जगह चोरी की घटना से लोगों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त नहीं होने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों से जानकारी ली। घटना की तहरीर थाने में दी गई है।
शुक्रवार की रात भी गांव फरीदपुर में अधिकांश ग्रामीण अपने परिवार के साथ मकानों की छत पर सोए थे। रात में चोरों ने केदार सिंह पुत्र नरोत्तम सिंह के कमरों के ताले तोड़ लिए और 20 लीटर मेंथा तेल चोरी कर लिया। इसके बाद चोरों ने नरेश कुमार पुत्र दुल्ली चंद्र के घर को निशाना बनाया। चोरों ने किसान के कमरों के ताले तोड़ घर में घुस गए और चोर यहां से 25 हजार रुपये के जेवर व पांच हजार की नकदी साफ कर ली इसके बाद चोरों ने चामुंडा मंदिर के सामने पप्पू पुत्र छिद्दन के कमरों के ताले तोड़ अंदर घुस गए।
यहां से दो मोबाइल चोरी कर लिए। चोरों ने दुर्विजय सिंह पुत्र हरपाल सिंह के घर में बंध रही दो बकरियां चुरा लीं। इसके बाद चोरों ने गांव दिनेश पुत्र प्यारे लाल के बंद मकान के ताले तोड़ लिए। अंदर तलाशी ली तो भूसा निकला। यहां से चोर कुछ नहीं ले जा सके। इसके बाद चोरों ने गिरीश चंद्र पुत्र मोहन के खेत में बने नलकूप की कोठरी में दो स्थानों पर कूमल लगाया।
मगर सामान चोरी नहीं कर सके। शनिवार की सुबह जाग होने पर चोरी की जानकारी हुई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और किसानों से जानकारी की। किसानों ने बताया कि रात के समय पुलिस गश्त नहीं हो रही है। जिससे चोरों के हौसले बुलंद बने हुए है। घटना की तहरीर थाने ले दी गई है।
थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर व सराय सिंकदर में चोरी की घटनाओं की जानकारी कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी- मोहित कुमार काजला, प्रभारी, थाना बनियाठेर
यह भी पढ़ें- संभल: खेत में मचान पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप
