मैनूपुर में सड़क नहीं तो वोट नहीं: राहुल और दिनेश सिंह लौटे मायूस, डीएम के आश्वासन शुरू हुआ मतदान, जानें पूरा मामला
अमावां/रायबरेली, अमृत विचार। मतदान की राह में विकास का रोड़ा सोमवार को साफ देखने को मिला। राही ब्लाक क्षेत्र के मैनूपुर में ग्रामीणों ने यह कहते हुए मतदान का बहिष्कार कर दिया कि पहले सड़क का निर्माण फिर मतदान। सुबह मतदान शुरू हुआ तो मौजूद कर्मी काफी देर तक इंतजार करते रहे।
दोपहर तक किसी के मतदान नहीं करने की सूचना प्रशासन को मिली तो खलबली मच गई। मौके पर काफी मानमनौव्वल का दौर चला। भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह पहुंचे। उन्होंने हरसंभव समझाने की कोशिश की, लेकिन उनकी एक नहीं चली। ग्रामीण लिखित मांगने पर अड़े रहे। इसके बाद दिनेश प्रताप सिंह वापस लौट आए। थोड़ी देर बार कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी पहुंच गए।
उन्होंने विकास कराने का भरोसा देते हुए सभी को मतदान का हिस्सा बनने के लिए काफी प्रेरित किया। इस पर नाराज ग्रामीणों ने राहुल गांधी के भी सामने जमकर नारे बाजी करने लगे। रोड नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाते हुए ग्रामीण अपने जिद पर अड़े रहे।
इसके बाद डीएम के आश्वासन के बाद मतदान के लिए सहमत हुए। तीन बजे के बाद मतदान शुरू हुआ तो अफसरों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले कई बार शिकायत की गई, लेकिन अफसरों ने एक नहीं सुनी।
यह भी पढ़ें:-केशव मौर्य का विपक्ष पर तंज, कहा-कमल का बटन टकाटक, टकाटक, टकाटक दबा रही है जनता
