बाराबंकी: लू के थपेड़े ने किया परेशान, पारा 43 डिग्री पार, सुबह से शाम तक तेज धूप से आमजन परेशान
बाराबंकी, अमृत विचार। जैसे जैसे मई का महीना गुजरता जा रहा है वैसे वैसे पारा बढ़ता चला जा रहा है। मंगलवार को दिन का अधिकतम पारा 43 डिग्री पर जा पहुंचा। गर्म हवा और तेज धूप से लोग परेशान दिखे। वहीं दोपहर के समय लोग सड़कों पर कम ही निकले। शहर के लोगों को तेज धूप व गर्मी सता रही है। दिन में तेज धूप व गर्मी से लोगों के पसीने छूट रहे हैं।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार बढ़ रहे तापमान से हर कोई परेशान हैं। सुबह 8 बजे से ही उमस के साथ पारा भी चढ़ना शुरू हो गया था। तपिश ऐसी कि घर से बाहर निकलते ही लोग पसीना-पसीना होते दिखे। शाम करीब 5.30 बजे तक कड़क धूप रही।
लोगों का कहना है कि मई महीने में गर्मी का यह हाल है तो फिर जून में क्या होगा। सूरज की तीखी किरणें दिन चढ़ने के साथ ही असहनीय हो जाती हैं। गर्मी का एहसास दिन के अलावा रात को भी हो रहा है। गर्मी व लू से जनजीवन प्रभावित हुआ है। आसमान से आग बरस रही है। ऐसे में घर से निकलना मुश्किल है। पारा चढ़ने के साथ ही चिलचिलाती धूप में लोगों के बीमार होने का खतरा भी बढ़ गया है। अधिक गर्म हवाओं से शरीर पर दुष्प्रभाव दिख रहा है।
चितित्सकों के मुताबिक ऐसे मौसम में अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। बहुत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। चिकित्सा अधीक्षक डा. राजेश कुशवाहा ने बताया कि लू लगने पर शरीर का तापमान एकदम बढ़ जाता है। शरीर में पानी व नमक की ज्यादा कमी हो जाती है। जब शरीर का थर्मोस्टेट सिस्टम शरीर को मौसम के अनुकूल ठंडा नहीं रख पाता है। तब शरीर में गर्मी बढ़ जाती है। इससे शरीर की ठंडक कम हो जाती है और लू लग जाती है।
लू लगने का प्रमुख कारण शरीर में पानी की कमी होना है। इसलिए किसी ना किसी रूप में पानी की पूर्ति करते रहें। आम का पन्ना लें, जो लू से बचाने में काफी कारगर साबित होता है। इसके अलावा नींबू पानी, सादा पानी, फल का रस, दही, मठ्ठा, जीरा छाछ, जलजीरा, लस्सी आदि के माध्यम से भी पानी लेते रहें। वैसे तो किसी भी मौसम में घर से खाली पेट नहीं निकलना चाहिये, लेकिन गर्मी में तो ऐसा बिल्कुल न करें। जब भी घर से निकले तो गर्मी के अनुसार कुछ न कुछ खाना खाकर ही निकलें।
यह भी पढ़ें:-क्रिकेट की ऊंचाइयों पर पहुंचने को बेताब स्वप्निल सिंह, IPL में RCB से खेल बेहतर प्रदर्शन कर सबको किया प्रभावित
