मामूली बात को लेकर दबंगों ने घर पर चढ़कर चलाई अंधाधुंध गोलियां, दो लोगों की हालत गंभीर  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पिस्तौल लहराते हुए भाग निकले हमलावर, महुली थानाक्षेत्र के मुखलिसपुर कस्बे की घटना

धनघटा/संतकबीरनगर, अमृत विचार। महुली थानाक्षेत्र का मुखलिसपुर कस्बा मंगलवार की दोपहर गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। हमले में दो लोगों के घायल होते ही पूरे कस्बे में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया और कस्बे की सारी दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गईं। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर 12 बजे के लगभग चार हमलावर पिस्तौल और कुल्हाड़ी लहराते हुए एक व्यक्ति के घर पर चढ़ गए। जान-माल की धमकी देने लगे।  इसी दौरान पिता की ललकार पर बेटों ने पांच राउंड ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दो लोगों को गंभीर रुप से घायल कर दिया। गोली चलते ही पूरे कस्बे में अफरा तफरी मच गई।  जैसे ही लोग घटना स्थल की तरफ पहुंचते चारों हमलावर पिस्टल और कुल्हाड़ी लहराते हुए घटनास्थल से फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के सहयोग से घायलों को निकट के अस्पताल नाथनगर पहुंचाया जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।  जिला अस्पताल पर दोनों घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। 

घायलों का हाल-चाल लेने के लिए अस्पताल पर प्रभारी निरीक्षक महुली भी पहुंच गए हैं। इस घटना से कस्बे में दहशत व तनाव का माहौल व्याप्त है। घटना की लिखित तहरीर घायल के पुत्र उमाशंकर अग्रहरि ने महुली पुलिस को दे दी है।  महुली पुलिस को दी गई तहरीर में ग्राम मुखलिसपुर निवासी उमाशंकर अग्रहरि पुत्र छोटे लाल ने लिखा है कि रोज़ की भांति मंगलवार को भी सुबह आठ बजे के लगभग वे अपने दरवाजे पर झाड़ू लगा रहे थे। तेज पुरुआ हवा के चलते थोड़ी सी धूल उड़कर शिव अग्रहरि पुत्र स्वर्गीय सजन लाल अग्रहरि के घर की तरफ़ चली गई। इसी बात को लेकर शिव अग्रहरि व उनके लड़के कृष्ण चंद्र, कौशल और कैलाश ने गाली गुप्ता देने के साथ ही जान-माल की धमकी देने लगे। इसी बीच भतीजा धीरज पुत्र हरिराम अग्रहरि भी आ गया। मेरे भतीजे को देखते ही शिव प्रकाश अग्रहरि की ललकार पर उनके बेटे कैलाश, कृष्ण चंद्र व कौशल पुत्र गण शिव प्रकाश अग्रहरि ने अपने कमरे से अवैध पिस्टल निकालकर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ पांच राउंड गोलियां चला दीं। जिसमें पिता छोटे लाल अग्रहरि पुत्र बोला शाह व भतीजे धीरज पुत्र हरिराम अग्रहरि को पैर व कमर के नीचे गोली लगने से वे जमीन पर गिर गए। 

गोली की आवाज़ सुनकर आस-पास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। इतने में सभी हमलावर पिस्टल लहराते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा दो जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस घटना से पूरे कस्बे में दहशत व तनाव का माहौल है। समाचार लिखे जाने तक मामले का मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।

ये भी पढ़ें -अब 6 नहीं हर महीने 21 तारीख को लगेगा शिविर, थैलिसीमिया पीड़ित बच्चों के लिये सालों से हो रहा रक्तदान

संबंधित समाचार