अब 6 नहीं हर महीने 21 तारीख को लगेगा शिविर, थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिये सालों से हो रहा रक्तदान
बाराबंकी, अमृत विचार। बालाजी ग्रुप ऑफ स्कूल्स द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बावनवें (52वें) रक्तदान शिविर का आयोजन मंगलवार को जिला रक्तकोष बाराबंकी में हुआ। शिविर का उद्घाटन प्रभारी वी.पी. सिंह ने सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर, दीप प्रज्वलित करके किया। इस मौके पर बालाजी बचपन स्कूल के कर्मचारी रंजीत ठाकुर, सुमित सिंह, समाजसेवी अमन गिरि, सूरज सोनी और प्रत्युक्ष यादव रक्तदान कर महादानी बने।
बालाजी ग्रुप ऑफ स्कूल्स के डायरेक्टर अंकुर माथुर ने बताया कि अभी तक उनकी संस्था हर माह की छह तारीख को रक्तदान कराती थी। लेकिन अब इस माह से हर महीने की 21 तारीख को उनकी संस्था रक्तदान कराएगी। उन्होंने बताया कि मासिक रक्तदान शिविर का उद्देश्य बाराबंकी में थैलेसीमिया के रोगियों को रक्त की पूर्ति, बाराबंकी जिले में गर्भवती महिलाओं एवं गरीबों के लिए रक्त की पूर्ति करना है। बाराबंकी में लगभग 12 बच्चे थैलेसीमिया बीमारी से पीड़ित हैं। जिनको माह में लगभग 2 बार रक्त की जरूरत होती है। उनकी संस्था ऐसे बच्चों के लिये रक्त का प्रबंध करती है।
शिविर में बालाजी ग्रुप ऑफ स्कूल्स के अध्यक्ष रविंद्र माथुर, प्रबंधक चंद्रशेखर कांडपाल, निदेशक अंकुर माथुर, सविता कौर, निखत परवीन, अल्पना कौर, एना खान, आशीष चैरसिया, पियूष मौर्या और राजा सिंह समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: लापता पेंटर का प्लॉट में मिला शव, हत्या की जताई गई आशंका
