बदायूं: बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के डुप्लीकेट फीरोज खां का निधन, डेढ़ बजे रात तक लोगों से की बात

बदायूं: बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के डुप्लीकेट फीरोज खां का निधन, डेढ़ बजे रात तक लोगों से की बात

बदायूं,अमृत विचार: कई फिल्म और सीरियल में अभिनय करने वाले बॉलीवुड के अभिनेता अमिताभ बच्चन के डुप्लीकेट फीरोज खां का गुरुवार को हार्टअटैक से निधन हो गया। उन्होंने बदायूं जिला प्रशासन की ओर से बदायूं क्लब में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में अंतिम प्रस्तुति दी थी। बदायूं क्लब ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। उनकी बेटी और बेटा के आने के बाद शव दफन किया जाएगा।

शहर के मोहल्ला कबूलपुरा में छोटे सरकार दरगाह मार्ग पर रहने वाले फीरोज खां लगभग 27 साल पहले मुंबई गए थे। जहां तेजी से प्रसिद्ध हुए भाभी जी घर पर हैं के अलावा जीजा जी छत पर हैं, साहब बीबी और बॉस, हप्पू की उल्टन पल्टन, शक्तिमान, अद्नान सामी के गोने थोड़ी सी लिफ्ट करा दे आदि में काम किया। 

अपने लुक और अदाकारी के चलते बॉलीवुड मे उन्हें डुप्लीकेट अमिताभ बच्चन कहा जाता था। वह कुछ समय पहले बदायूं अपने घर पर आए थे। यहां कई आयोजन में शिरकत की। साथ ही सोशल साइट्स पर एक्टिव रहते थे। चार मई को बदायूं क्लब में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मतदान के प्रति जागरूक किया था।

उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता दिलीप कुमार, शाहरुख खान, धर्मेंद्र, सनी देयोल की आवाज में प्रस्तुति दी थी। लोगों ने खूब सराहा था। वह बुधवार रात लगभग डेढ़ बजे तक एक होटल के बाहर लोगों के साथ बैठे। जिसके बाद घर चले गए थे। तड़के उन्हें घबराहट होने लगी। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में लाबेला चौक के पास फीरोज खां की मौत हो गई। 

परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार उनका बेटा मुंबई में शिक्षक और बेटी दूसरे देश में रहती हैं। जिनके आने के बाद शव सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। बदायूं क्लब के सचिव डॉ. अक्षत अशेष, स्थानीय कलाकार नंद किशोर, इजहार अहमद, आसिम पेंटर, राहुल सक्सेना, विजय मौर्य, सिम्मी नाजिर, राजीव भारती ने शोक संवेदना व्यक्त की।

ये भी पढ़ें- बदायूं: बड़े ने की छोटे भाई की हत्या, परिजनों ने दबा दिया मामला...बिना पुलिस की सूचना के कर दिया अंतिम संस्कार