संभल: पत्नी पर एसिड फेंक कर पति ने खाया जहर, मौत

संभल: पत्नी पर एसिड फेंक कर पति ने खाया जहर, मौत

संभल, अमृत विचारः घरेलू विवाद के चलते कहासुनी के बाद पति ने पत्नी पर एसिड फेंकने के बाद खुद जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पति की मौत हो गई जबकि पत्नी को गंभीर हालत में इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।  

कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला नई सराय निवासी रिजवान का कई दिनों से अपनी पत्नी फरजाना से घरेलू विवाद चल रहा था। थमने के बजाय दंपती में विवाद बढ़ता ही चला गया। शुक्रवार  दोपहर 12 बजे फरजाना डॉक्टर से दवा लेने जाने के लिए घर से निकल रही थी तभी रिजवान घर आ गया। पास पहुंचते ही रिजवान ने पत्नी फरजाना पर बोतल में लाया गया एसिड उड़ेल दिया। 

एसिड  के शरीर पर गिरने से  फरजाना गंभीर रुप से झुलस गई। चीखती चिल्लाती फरजाना दौड़कर अपने जेठ अरमान के घर पहुंची। आनन फानन में अरमान ने उपचार के लिए फरजाना को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल लाते समय तेजाब से अरमान के कपड़े भी जल गए। इस घटना के एक  घंटा बाद रिजवान ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। 

परिजनों ने उपचार के लिए रिजवान को भी जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर सीओ संभल अनुज कुमार चौधरी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार देकर रिजवान व फरजाना को हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस बीच रिजवान की मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि रिजवान की मौत हो गई है। फरजाना के भाई रिजवान की तहरीर पर फरजाना के पति रिजवान, ननद राना पत्नी अकरान व शाहना और देवर अंजार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिजवान की मौत केा लेकर अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।

पत्नी कहती थी रोजाना मजदूरी करो, इसी पर था विवाद
रिजवान मेहनत मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पेट पालता था। घर में पैसे की तंगी के हालात बने रहते थे। पत्नी रोजाना मजदूरी कर पैसा कमाकर लाने को कहती थी। यही बात पर घर में कलह की वजह बनी थी।

एसिड अटैक से झुलसी फरजाना ने जिला अस्पताल में बताया कि पति एक दिन मेहनत मजदूरी करने के बाद कई दिन छुट्टी कर घर पर ही रहते थे। घर का खर्च नहीं चल पाता था तो वह रोजाना मजदूरी पर जाने की बात पति से कहती थी। इसी बात को लेकर वह नाराज हो जाते थे और उसके साथ मारपीट करते थे। फरजाना ने कहा कि शुक्रवार को वह दवा लेने जा रही थी तभी पति रिजवान आये और उसे थप्पड़ मारने के बाद अचानक बोतल का ढक्कन खोलकर उसके ऊपर एसिड फेंक  दिया।

यह भी पढ़ें- संभल: चार बच्चों के पिता ने फंदे पर लटककर दी जान, परिवार में मचा कोहराम