बदायूं: मां की गोद से छिटककर गिरे बच्चे को डंपर ने कुचला, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं,अमृत विचार: मां की गोद से छिटककर सड़क पर गिरे मासूम को डंपर ने कुचल दिया। मासूम की मौत हो गई। थाना उसहैत क्षेत्र के गांव भंद्रा के पास डंपर ने पीछे से बाइक सवार दंपती को टक्कर मारी थी। महिला की गोद में बैठा सवा महीने का मासूम सड़क पर जा गिरा। डंपर का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। मासूम की मौत हो गई। दंपती ने मासूम के शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया और शव अपने साथ गांव ले गए।

कस्बा उसहैत के वार्ड चार निवासी मुर्शीद पुत्र छोटे शनिवार दोपहर लगभग दो बजे अपनी पत्नी मीना और सवा महीने के बेटे अफरान के साथ अपनी रिश्तेदारी दातागंज जा रहे थे। 

वह थाना उसहैत क्षेत्र के गांव भंद्रा के पास पहुंचे। डंपर ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक का संतुलन बिगड़ गया। मीना की गोद से मासूम अफरान छिटककर सड़क पर जा गिरा। मीना उसे उठाने के लिए बढ़ी लेकिन डंपर का पहिया मासूम के ऊपर चढ़ गया। बच्चे की मौत हो गई। 

मीना बेसुध हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। डंपर के चालक को मय डंपर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। चालक को पकड़का थाने ले गई। दंपती ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। मासूम का शव घर ले गए। मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। मुर्शीद ने डंपर चालक के खिलाफ तहरीर दी है।

ये भी पढ़ें- बदायूं: दातागंज मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलटा टेंपो, महिला की मौत

संबंधित समाचार