पीलीभीत: संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, पिता बोले- कर दी गई हत्या, पुलिस छानबीन में जुटी 

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

दियोरियाकलां, अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। एक निजी अस्पताल मे इलाज के दौरान विवाहिता ने दम तोड़ दिया। ससुरालियों ने विवाहिता के फंदा लगाकर खुदकुशी करने की बात कही जबकि मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप ससुराल वालों पर लगाया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस शव पोस्टमार्टम को भेज छानबीन में जुट गई है।

बरेली जनपद के क्योलड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम सूरजपुर के रहने वाले जगदीश की पुत्री काजल  (20) की शादी एक साल पहले दियोरियाकलां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पैनिया हिम्मत के विमल कुमार पुत्र  जमुना प्रसाद से हुई थी।  इसके बाद से वह ससुराल में ही थी। शुक्रवार देर शाम काजल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ससुरालियों का कहना था कि विवाहिता ने अपने कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की थी। इस पर नजर पड़ने पर ससुराल वाले फंदे से उतारकर लाए और अस्पताल भर्ती करा दिया था। मगर, जान नहीं बच सकी। 

वही, विवाहिता की मौत की जानकारी लगने पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि ससुरालिये आए दिन विवाहिता को प्रताड़ित करते थे। दहेज की भी मांग की जा रही थी। इसी के चलते उनकी पुत्री की हत्या कर दी गई है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सीओ विशाल चौधरी, नायब तहसीलदार वीरेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौका मुआयना कर घटना के बारे में जानकारी की गई। मृतका के पिता जगदीश ने हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति विमल कुमार, सास विटोली देवी,ससुर जमुना प्रसाद,जेठ चैतन्य प्रकाश के खिलाफ तहरीर दी।  पुलिस चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शनिवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: दिन में हुई घटना का गुडवर्क गिनाया, रात को फिर हो गई लूट...पुलिस छानबीन में जुटी 

संबंधित समाचार