पीलीभीत: कार्यकाल के एक साल पूरे...नहीं हुई सब्जी मंडी की स्थाई व्यवस्था, हाईवे किनारे सज रहीं दुकान 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिलसंडा, अमृत विचार: नगर में सब्जी मंडी की स्थाई रूप से व्यवस्था न होने की वजह से दुकानदारों को हाईवे पर दुकाने लगानी पड़ रही हैं। एक निजी प्लाट पर दुकाने लगाने के एवज में तहबाजारी के रूप में वसूली भी जारी है। जिसके चलते ग्रामीण अंचल से आने वाले कई छोटे दुकानदारों ने नगर की बाजार में आना ही बंद कर दिया। इसका समाधान नगर पंचायत चेयरमैन अपने एक साल के कार्यकाल में नहीं करा सके हैं। जबकि चुनाव में स्थायी व्यवस्था का वादा भी किया था।

बता दें कि वर्ष 2000 में तत्कालीन चेयरमैन महेश बाबू गुप्ता ने रामलीला मैदान के समीप स्थित रामा ट्रस्ट की जमीन को किराए पर लेकर सब्जी मंडी की व्यवस्था कराई थी,लेकिन उनके बाद जब एक दशक तक जिम्मेदारों ने ट्रस्ट में किराया ही नहीं जमा किया तो प्रशासन ने चार वर्ष पहले जमीन खाली करा ली।

तब से ट्रस्ट की जमीन खाली पड़ी है। हालांकि उसके बाद से सब्जी मंडी भी उजड़ गई। कुछ दुकानदारों ने हाईवे पर दुकानें लगानी शुरू कर दीं ,तो कुछ दुकानदारों ने सब्जी का काम करना ही बंद कर दिया। बता दें कि नगर में मंगलवार और शनिवार को साप्ताहिक बाजार लगती हैं ,जिसमें दूर दराज गांवों से लोग सब्जी की दुकानें लगाने आते हैं।

ऐसे दुकानदारों को वन रेंज कार्यालय के सामने एक निजी प्लाट पर दो वर्षों से बैठाया जा रहा है। आरोप है कि सप्ताह में सिर्फ दो दिन सब्जी की दुकानें लगाने वाले छोटे दुकानदारों से 50 से 100 रुपए प्रति बाजार की दर से तहबाजारी के रूप में वसूली की जाती है। जिसकी वजह से ग्रामीण अंचल से आने वाले छोटे दुकानदारों ने नगर की बाजार में आना ही बंद कर दिया।

सब्जी मंडी की स्थाई व्यवस्था का दायित्व नगर पंचायत प्रशासन का  है, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन अपनी इस जिम्मेदारी को पूरा नहीं कर सका है। बीते साल हुए निकाय चुनाव के दौरान मौजूदा चेयरमैन डीके गुप्ता ने सब्जी मंडी की सबसे पहले स्थाई व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया था।

लेकिन एक वर्ष गुजरने के बाद भी अभी तक सब्जी मंडी की स्थाई व्यवस्था नहीं कराई जा सकी है। दुकानदारों का कहना है कि चुनाव के वक्त आश्वासन दिया था, लेकिन चेयरमैन बनने के बाद आज तक इस ओर मुड़कर भी नहीं देखा। कहीं ये चुनावी जुमला तो नहीं था?

रामा ट्रस्ट की जगह पर सब्जी मंडी की पुनः व्यवस्था कराए जाने के लिए पत्रावली डीएम कार्यालय भेजी जा चुकी है। शीघ्र ही अनुमति मिलने की उम्मीद है। अनुमति मिलने के बाद सब्जी मंडी की समस्या से निजात मिल जाएगी- डीके गुप्ता, चेयरमैन नगर पंचायत बिलसंडा

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: शाहजहांपुर के बदमाशों ने की थी व्यापारी से लूट, पुलिस मुठभेड़ में दोनों को लगी गोली...गिरफ्तार

संबंधित समाचार