बाराबंकी: बिजली चोरी का खामियाजा भोग रहे आम उपभोक्ता, लोग लगा रहे कटिया, सीधे ट्रांसफार्मर से चला रहे समरसेबल और मोटर
निंदूरा/बाराबंकी, अमृत विचार। बिजली चोरी रोकने के लिए कस्बों से लेकर गांव में तमाम जगहों पर केबलीकरण हो चुका है। लेकिन कई जगहों पर अभी भी पुराने तार पड़े होने के कारण बिजली चोरी नहीं रुक पा रही है। बिजली चोरी न रोक पाने का खामियाजा आम उपभोक्ताओं को भोगना पड़ रहा है।कस्बे से लेकर गांवों में बिजली चोरी कर एसी व खेतों की सिंचाई के लिए मोटर का उपयोग करने की वजह से लोड बढ़ने के साथ फाल्ट बढ़ रहे हैं।
बिजली कंपनियों के तमाम प्रयासों के बाद भी बिजली चोरी लगातार हो रही है। लोग कटिया डालने और मीटर को बायपास करने के साथ डायरेक्ट ट्रांसफार्मर से बिजली चोरी कर रहे हैं। गर्मी में बिजली गुल होने का असर व्यापारियों के व्यापार और लोगों की दिनचर्या पर पड़ रहा है। कस्बे में दिन में कई बार बिजली बंद होने से लोगों में आक्रोश है।
तीन तरीकों से हो रही चोरी
कस्बे से लेकर गांव में कुछ उपभोक्ताओं द्वारा अवैध रूप से तीन तरीकों से बिजली चोरी की जा रही है। जहां पर अभी तक केबलीकरण नहीं हुआ है। वहां पर लोग मकानों के बगल से निकले तारों में कटिया लगा रहे हैं। वहीं कई लोग तो खंभे से सीधे तार डाल कर बिजली चोरी कर रहे हैं। यही नहीं कई स्थानों पर लोग सीधे ट्रांसफार्मर से कटिया लगाकर कर समरसेबल व मोटर चलाकर तालाबों में पानी भरने के साथ खेतों की सिंचाई कर रहे हैं। कुर्सी कस्बे के नहर स्थित सरकारी पंपिंग हाउस के लिए रखे ट्रांसफार्मर से सीधे कटिया लगाकर तालाब में पानी भरा जा रहा है। बहरौली व उमरा, मातन पुरवा आदि गांवों में लोग पोल से सीधे कटिया लगाकर पंपिंग मोटर चलाकर खेतों की सिंचाई कर रहे हैं।
संविदा कर्मियों की भूमिका संदिग्ध
स्थानीय लोगों का कहना है बिजली चोरी करने वाले लोग बिना लाइनमैन के चोरी नहीं कर सकते हैं। जहां कहीं भी बिजली चोरी की जा रही है वहां पर या तो सीधे ट्रांसफार्मर से कनेक्शन जोड़ा गया है या फिर पोल से कुछ स्थानों पर लोग बीच में कटिया लगाकर बिजली चोरी कर रहे हैं। क्षेत्रीय संविदा कर्मी लाइनमैन को मामले की जानकारी होने के चलते जैसे ही कोई टीम चेकिंग के लिए पहुंचती है उससे पहले ही केबल हटा दिए जाते हैं।
अवर अभियंता बोले...
कुर्सी विद्युत उपकेंद्र अवर अभियंता विकास शुक्ला ने बताया कि मामला जानकारी में है। जल्द ही टीम लगाकर बिजली चोरी करने वालों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें -सूरज हत्याकांड: फोन कर बुलाया, शराब पिलायी और तार से गला कसकर मार डाला...
