प्रतापगढ़ : शटरिंग करने गये युवक की संदिग्ध दशा में मौत,हत्या का आरोप
प्रतापगढ़ अमृत विचार । शटरिंग करने गए युवक की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। शव गांव के किनारे बने कमरे में चारपाई पर मिला। घर वाले बिजली की करंट से हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
नगर कोतवाली गड़ई चकदेईया गांव निवासी 26 वर्षीय अमर सिंह मजदूरी करने का काम करता था। शुक्रवार की सुबह वह गांव के एक व्यक्ति के साथ गायघाट की तरफ शटरिंग करने गया था। अमर सिंह के पिता कालिका सिंह ने घर से करीब 150 मीटर दूर गांव के किनारे एक कमरे का दूसरा घर भी बनवाया है। दोपहर करीब 12 बजे अमर सिंह को गांव के लोगों ने कमरे में चारपाई पर लेटा हुआ देखा।
शाम चार बजे तक जब वह नहीं उठा तो घर वाले उसके पास गए और उसे उठाने का प्रयास किया तो उसकी मौत हो चुकी थी। उसके हांथ, पैर और सीने में जलने का निशान था। अमर की मृत्यु की सूचना मिलते ही घर के सभी लोग बिलखते हुए पहुंचे। मृतक के भाई मंगल का आरोप है कि उसे कुछ लोग सुबह शटरिंग करने के लिए ले गए थे। वहीं पर बिजली की करंट से उसकी हत्या कर दी गई। सूचना पर नगर कोतवाल, सीओ सिटी पहुंचे।
फोरेंसिक टीम भी पहुंच कर जांच पड़ताल की। अमर के पिता कालिका सिंह खेती किसानी का काम करते हैं। अमर पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था,तीन वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। घटना के बाद पत्नी साधना बेहाल है। मेडिकल कॉलेज चौकी इंचार्ज शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
