पुणे पुलिस ने ‘पोर्श’ कार दुर्घटना मामले में नाबालिग की मां को किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुणे। पुणे पुलिस ने ‘पोर्श’ कार दुर्घटना मामले में नाबालिग आरोपी की मां को गिरफ्तार कर लिया है। इस बात की पुष्टि हो गयी है कि किशोर के रक्त के नमूने उसकी मां के रक्त नमूने से बदले गए थे। शहर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने शनिवार को बताया कि दुर्घटना की जांच में यह पता चला है कि किशोर के रक्त नमूने उसकी मां के रक्त नमूने से बदले गए थे जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। 

पुलिस ने दो दिन पहले एक स्थानीय अदालत में कहा था कि किशोर के रक्त के नमूने एक महिला के रक्त के नमूने से बदले गए थे। पुणे के कल्याणी नगर में 19 मई को ‘पोर्श’ कार के 17 वर्षीय चालक ने मोटरसाइकिल सवार दो सॉफ्टवेयर इंजीनियर को कथित रूप से टक्कर मार दी थी जिससे दोनों की मौत हो गयी थी। पुलिस ने दावा किया कि आरोपी नशे की हालत में कार चला रहा था। 

मामले के 17 वर्षीय आरोपी को एक सुधार गृह में भेज दिया गया जबकि उसके पिता एवं रियल एस्टेट कारोबारी विशाल अग्रवाल और दादा सुरेंद्र अग्रवाल को परिवार के वाहन चालक का कथित तौर पर अपहरण करने और उस पर हादसे की जिम्मेदारी लेने का दबाव बनाने के लिए गिरफ्तार किया गया है। 

ये भी पढे़ं- Lok Sabha Elections 2024: देश में लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए 57 सीटों पर मतदान शुरू

 

संबंधित समाचार