अयोध्या: किसानों के प्रदर्शन का दिखा असर, रौनाही पंप कैनाल चालू
सोहावल/अयोध्या, अमृत विचार। महीनों से पंप कैनाल बंद कर किसानों से अवैध धन उगाही की नियति लेकर बैठे रौनाही पंप कैनाल के संचालकों के खिलाफ इससे जुड़े किसानों का आक्रोश भरा प्रदर्शन कारगर रहा। शनिवार को सूखी नहर में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में किसानों ने सिंचाई और नहर विभाग के अभियंताओं के विरुद्ध कैनाल पर ही प्रदर्शन कर इनके कार्यालय घेरने की चेतावनी दी थी।
पानी के लिए मुख्यमंत्री तक गुहार लगाई तब जाकर विभाग के अभियंताओं की नींद खुली। सोशल मीडिया पर इसे लेकर विभाग की किरकिरी होने लगी और प्रशासन के उच्च अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया तो कैनाल बंद कर गायब चल रहे आपरेटर, अवर अभियंता सब घुटने टेकते नजर आए। इसके बाद शनिवार को कैनाल चालू कर दी गई और पांच किलो मीटर से ज्यादा दूरी में फैली कैनाल के सभी माइनरो में पानी दौड़ने लगा। इससे जुड़े दो दर्जन से ज्यादा गांव के सैकड़ों किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
यह भी पढ़ें: एक बार फिर बनेगी प्रचंड बहुमत से मोदी सरकार, गोरखपुर में मतदान के बाद बोले सीएम योगी
