बाराबंकी: जीएम ने रामनगर सीएचसी पर परखीं स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत, इस बात पर जताई नाराजगी
रामनगर/ बाराबंकी, अमृत विचार। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की जीएम सुधा यादव ने रामनगर सीएचसी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी तथा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। शनिवार को अपनी टीम के साथ सुबह करीब साढ़े 10 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची जीएम सुधा यादव ने सबसे पहले अस्पताल के सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का परिचय प्राप्त किया, इसके बाद उन्होंने अस्पताल परिसर का भ्रमण कर इमरजेंसी वार्ड ओपीडी स्टॉक रूम ब्लाक पब्लिक हेल्थ केयर सेंटर प्रसव कक्ष आदि का गहनता से निरीक्षण किया। अस्पताल में मौजूद मरीजों से सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से पूछा कि डाक्टर यहां मिलते हैं या नहीं। दवाइयां बाहर से लानी पड़ती हैं या अस्पताल से मिल जाती है। निरीक्षण के दौरान स्टोर रूम में उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता जानी। इस दौरान वहां रजिस्टर सही न मिलने और एक्सपायरी दवाइयां के बारे में जानकारी न दे पाने पर नाराजगी जताई और व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही स्टोर रूम इंचार्ज से पूछा कौन सी दवाइयां नहीं मिल रही है।
लैब के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौजूद एलटी दिलीप कुमार गुप्ता से आवश्यक जानकारी ली। एसी न लगाए जाने का कारण पूछा। इसके बाद जीएम सुधा यादव ने मरीज के पास मौजूद दवाइयों के पर्चों को देखा। उसमें डाक्टर के हस्ताक्षर के बाद पदनाम की मुहर नहीं लगी थी। जिस पर उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जो भी डाक्टर दवा लिखे उसकी मोहर जरूर लगी होनी चाहिए। प्रसव कक्ष के निरीक्षण के दौरान स्टाफ नर्स व अन्य कर्मचारी वहां चप्पल पहने मौजूद थे। जिस पर उन्होंने हैरानी जताई। जो मरीज मौके पर मौजूद था उसके भर्ती अभिलेखों में दर्ज नहीं थी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। अस्पताल परिसर के भ्रमण के दौरान मरीजों के लिए कहीं पर पेयजल व्यवस्था नहीं दिखी। जिस पर उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी से पेयजल की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। मगर वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। अस्पताल परिसर में फैली गंदगी को देखकर उन्होंने सफाई कर्मचारी को मौके पर बुलाया। सफाई कर्मचारी ने बताया कि अस्पताल में मेरी अकेले ही तैनाती है। कर्मचारियों की संख्या बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की जीएम ने अस्पताल परिसर में पौधा रोपण किया तथा हर्बल गार्डन बनाए जाने के निर्देश दिए।
जीएम सुधा यादव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने, मानव संसाधनों का उपयोग ठीक ढंग से हो रहा है या नहीं यह जानने टीम आई है। निरीक्षण के दौरान कोऑर्डिनेटर पंकज मौर्या, जिला कार्यक्रम अधिकारी अमरीश कुमार द्विवेदी, डीसीपीएम सुरेंद्र कुमार, डाक्टर स्वप्निल, डा आशीष, डा सना हुसैन, अवधेश, समीर, संजय मिश्रा, गोपी, प्रभात, यशपाल सिंह और अभिषेक समेत कई स्वस्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -Lok Sabha Elections 2024: देश में सातवें और अंतिम चरण का मतदान संपन्न, चार जून को होगी मतगणना
