संगरूर से आप के गुरमीत सिंह मीत हेयर जीते, कांग्रेस के सुखपाल सिंह खैहरा को दी मात
चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव में पंजाब के संगरूर संसदीय क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी और पंजाब के कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर अपने निकटतम प्रतिद्धंदी कांग्रेस के सुखपाल सिंह खैहरा से 172560 मतों से चुनाव जीत गये हैं। हेयर को कुल 364085 और खैहरा को 191525 मत प्राप्त हुए।
तीसरे स्थान पर रही शिरोमणि अकाली दल (मान) के सिमरनजीत सिंह मान को 187246, चौथे स्थान पर भाजपा के अरविंद खन्ना को 128253, शिरोमणि अकाली दल के इक्वाल सिह झूंडा को 62488 और बहुजन समाज पार्टी के मखन सिंह को 37731 मत मिले।
पंजाब में आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार के मंत्रालय में गुरमीत सिंह हेयर के पास पांच महत्वपूर्ण विभाग हैं, जिसमें वे उच्च शिक्षा और भाषा, शासन सुधार, खेल और युवा सेवाएं, विज्ञान प्रौद्योगिकी और पर्यावरण और मुद्रण और स्टेशनरी विभागों के मंत्री हैं। वह पंजाब में आम आदमी पार्टी की युवा शाखा के प्रभारी भी हैं।
मीत हेयर बरनाला निर्वाचन क्षेत्र से पंजाब विधानसभा के दो बार सदस्य हैं। वह पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। उन्होंने पहली बार 2017 में आम आदमी पार्टी से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उम्मीदवार केवल सिंह ढिल्लों को हराकर विधान सभा चुनाव जीता था। 2022 के विधान सभा चुनावों में, उन्होंने फिर लगभग 50 प्रतिशत वोट हासिल करके बरनाला निर्वाचन क्षेत्र से भारी अंतर से जीत हासिल की।
उनके रुचि के क्षेत्र खेल, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन हैं और वह एक वन्यजीव प्रेमी हैं जो पशु कल्याण के लिये काम करते हैं। आम आदमी पार्टी ने 2022 के पंजाब विधान सभा चुनाव में 117 में से 92 सीटें जीतकर सोलहवीं पंजाब विधान सभा में 79 प्रतिशत का मजबूत बहुमत हासिल किया था।
सांसद भगवंत मान ने 16 मार्च 2022 को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। मीत हेयर ने 19 मार्च को चंडीगढ़ में पंजाब राजभवन के गुरु नानक देव सभागार में नौ अन्य विधायकों के साथ कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।
ये भी पढे़ं- ‘इंडिया’ गठबंधन की बुधवार को दिल्ली में बैठक होने की संभावना: शरद पवार
