Bareilly News: नीरज मौर्य की चुनावी नैया पार लगाने में शेखूपुर के मतदाताओं ने निभाई अहम भूमिका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अनुपम सिंह, बरेली, अमृत विचार। आंवला संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप की जीत की हैट्रिक को रोककर पहली बार सांसद बनने वाले सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य की जीत में शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने अहम भूमिका निभाई है। नीरज मौर्य को पांचों विधानसभा क्षेत्रों में शेखूपुरा में सबसे ज्यादा 15111 मतों की बढ़त मिली। फरीदपुर में बढ़त से सपा की जीत सुनिश्चित हो गई।

आंवला में मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप और सपा के नीरज मौर्य के बीच हुआ। मंगलवार को मतगणना के दौरान किसी राउंड में धर्मेंद्र कश्यप तो किसी में नीरज मौर्य ने बढ़त बनाई लेकिन अंत में नीरज मौर्य ने 15969 मतों से जीत हासिल की। नीरज मौर्य को 492515 वोट मिले। विधानसभा क्षेत्र वार जारी आंकड़ों के मुताबिक सपा प्रत्याशी की जीत का रास्ता शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने तैयार किया है। 

यहां पर भाजपा प्रत्याशी को 89640 वोट ही मिले, जबकि सपा को 104751 वोट मिले हैं। यहां नीरज मौर्य को 15111 वोट ज्यादा मिले। शेखूपुर में सपा के विधायक हिमांशु यादव हैं। वहीं फरीदपुर में भाजपा के विधायक प्रो. श्याम बिहारी हैं, लेकिन इसके बाद भी भाजपा को यहां पर सपा प्रत्याशी से कम वोट मिले। भाजपा को यहां से 86144 वोट मिले, जबकि सपा को 96539 वोट मिले हैं। यहां पर धर्मेंद्र कश्यप को 10395 वोटों से हार का सामना करना पड़ा है। बिथरी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के डॉ. राघवेंद्र शर्मा विधायक हैं। 

इसके बाद भी भाजपा के प्रत्याशी को 111774 वोट ही मिले, जबकि सपा को 113585 यानी 1811 वोट ज्यादा मिले। वहीं दातागंज में धर्मेंद्र कश्यप को 101306 वोट मिले हैं, जबकि सपा को यहां से 98162 वोट मिले हैं। वहीं, पोस्टल बैलेट में भी धर्मेंद्र को 284 वोट कम मिले हैं। नीरज को 1396 और धर्मेंद्र को 1112 मत मिल सके।

दातागंज में भी कम हुई भाजपा की लीड
आंवला लोकसभा क्षेत्र की दातागंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के विधायक हैं। यहां से भाजपा की पूर्व के चुनावों में 10 से 15 हजार वोटों की बढ़त रहती थी, मगर इस बार यहां से भी लीड का अंतर काफी घट गया। इस बार धर्मेंद्र कश्यप यहां से सिर्फ 3144 वोटों से ही बढ़त बना पाए।

ये भी पढे़ं- Bareilly News: विधानसभा चुनाव में जहां से बीजेपी के बने विधायक, वहां लोकसभा चुनाव में कम हुए वोट

 

 

संबंधित समाचार