Bareilly News: बीजेपी नेता ठेकेदार, एलन क्लब मंडी में कथित अवैध वसूली पर तकरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव होते ही नगर निगम की एलन क्लब सब्जी मंडी में दुकानदारों से कथित अवैध वसूली पर शुक्रवार सुबह रार शुरू हो गई जो कुछ देर बाद दोनों पक्षों के नगर निगम पहुंचने के साथ धरने और प्रदर्शन में तब्दील हो गई। 

दुकानदारों ने आरोप लगाया कि मंडी के भाजपा नेता ठेकेदार ने एकाएक 40 रुपये बढ़ाकर उनसे 160 रुपये रोज की जबरन वसूली शुरू कर दी है जो उनके साथ ज्यादती है। ठेकेदार पर रिवाल्वर तानकर धमकाने का भी आरोप लगाया। उधर, ठेकेदार ने भी राजनीतिक दखलंदाजी की वजह से नुकसान होने का आरोप लगाया। मेयर ने दोनों पक्षों से बात कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया तो धरना खत्म हुआ।

एलन क्लब सब्जी मंडी का ठेका भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री सय्यद समीर शाहिद ने 97 लाख रुपये में लिया था जिसमें जीएसटी भी शामिल है। नगर निगम में गले में तख्ती डालकर धरने पर शाहिद का कहना है कि निर्धारित शर्तों के मुताबिक मंडी में प्रत्येक फड़ से 180 रुपये रोज की वसूली होनी थी लेकिन राजनीतिक हस्तक्षेप की वजह से आठ दिन तक कोई वसूली नहीं हो पाई, यह समस्या उन्होंने अधिकारियों को भी बताई थी। 

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ फड़ दुकानदारों ने मंडी में कब्जा कर रखा है और नियमों के खिलाफ स्टॉक करते है। काफी समय पहले आपसी सहमति पर 160 रुपये फड़ की वसूली तय हुई थी लेकिन कुछ दिन बाद ही फड़ दुकानदारों ने यह रकम देने से इन्कार कर दिया।

उधर, बराबर में ही अलग धरने पर बैठे फड़ दुकानदारों ने ठेकेदार पर राजनीतिक दबाव का इस्तेमाल कर नाजायज वसूली का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके ही संगठन एक नेता की साठगांठ से ठेकेदार ने नाजायज वसूली शुरू की है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्षों में नोकझोंक भी हुई। 

शोरगुल हुआ तो दो अपर नगर आयुक्तों ने धरनास्थल पर पहुंचकर ठेकेदार को समझाने की कोशिश की लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। फड़ दुकानदारों ने कहा कि ठेकेदार अपने लोगों से मनमानी वसूली कराना चाह रहे है। उसने कुछ दुकानदारों पर रिवाल्वर तानकर धमकी भी दी है। कुछ देर बाद मेयर उमेश गौतम नगर निगम पहुंचे तो दोनों पक्षों ने उनके साथ नगर आयुक्त को भी ज्ञापन दिया। मेयर के समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देने के बाद धरना समाप्त हो गया।

ये भी पढे़ं- बरेली : आइवीआरआई में 30 लाख से बनेगी लेप्रोस्कोपी सर्जरी यूनिट

 

संबंधित समाचार