Bareilly News: बीएएमएस के चुनौती मूल्यांकन के लिए प्रदर्शन, छात्रों ने निकाली परीक्षा नियंत्रक की गाड़ी की चाबी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में समाजवादी छात्र सभा ने बीएएमएस की पूरक परीक्षा के चुनौती मूल्यांकन के फॉर्म खुलवाने के लिए प्रदर्शन किया। प्रशासनिक भवन का गेट बंद होने पर कार्यकर्ता फर्श पर बैठ गए और परीक्षा नियंत्रक की गाड़ी की चाबी निकालकर रोक ली। पुलिस की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं को परीक्षा नियंत्रक से मिलवाया गया। कार्यकर्ताओं ने फॉर्म न खुलने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

परीक्षा नियंत्रक के घेराव के मामले में बारादरी थाने में एफआईआर के बाद भी समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ता पीछे नही हटे। जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा के नेतृत्व में शुक्रवार को कार्यकर्ता और छात्र विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सामने धरने पर बैठ गए। 

विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले से ही भारी पुलिस बल बुला रखा था और प्रशासनिक भवन के गेट पर ताला डाल दिया। काफी देर नारेबाजी करने के बाद परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार छात्रों की बात सुनने के लिए आए, लेकिन पूरी बात सुने बिना ही मना करके चले गए। इसके बाद छात्र दोबारा धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे और पुलिस के समझाने के बावजूद भी नहीं माने।

छात्रों की मांग थी कि विश्वविद्यालय के कुलपति और परीक्षा नियंत्रक दोनों के सामने बातचीत होनी चाहिए। काफी देर नारेबाजी के बाद पुलिस प्रशासन, विश्व विद्यालय प्रशासन और छात्रनेताओं की आपसी बातचीत के बाद तय हुआ कि 1-2 दिन के भीतर ही समाजवादी छात्र सभा के नेताओं और छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल विश्वविद्यालय कुलपति और परीक्षा नियंत्रक के साथ बैठकर अपनी बात रखेंगे और छात्रों की जायज मांग को लेकर जल्द फैसला लिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्रों ने धरना समाप्त किया।

सछास के जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों का दर्द समझने का प्रयास ही नहीं कर रहा है। छात्रों के भविष्य का सवाल है। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष सय्यद फरहान अली, अमरीश यादव, अवनेश यादव, युनुस, अभिषेक यादव, रवि पंडित, रितेश यादव, बृजेश आजाद, बीएएमएस के छात्र आजम, धीरू, विवेक यादव, विकास यादव, मनीष शर्मा, मनोज राजपूत आदि मौजूद रहे।

ये भी पढे़ं- Bareilly News: परिवार के सभी सदस्यों को लगाना होगा अंगूठा, तभी मिलेगा राशन

 

 

संबंधित समाचार