बिजली विभाग का कारनामा: लखीमपुर खीरी में पेड़ की टहनियों के सहारे बिछा दी मौत की लाइन, चली गई बुजुर्ग की जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: जिले के बिजली विभाग के जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण बुजुर्ग की जान चली गई। लापरवाही का आलम तो देखिए, एक सूखे पेड़ की टहनियों पर इंसुलेटर बांधकर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन दौड़ा दी गई। शुक्रवार को इंसुलेटर पर बंधा तार नीचे आ गया, जिसकी चपेट में आने से बुजुर्ग की जान चली गई थी। 

शनिवार को सोसल मीडिया पर सूखे पेड़ की टहनियों में बंधे तार की फोटो वायरल हुई तो बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आ गई। वहीं, बिजली विभाग के अधिकारी संविदाकर्मियों की लापरवाही बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं। साथ ही पेड़ से तारों को हटा लिया है। यह भी कहा कि मृतक को शासन से अनुमन्य मुआवजा दिया जाएगा।

मामला लखीमपुर खीरी जनपद के मितौली बिजली सब स्टेशन अंतर्गत गांव डहर का है। बिजली विभाग के जिम्मेदारों ने एक सूखे पेड़ की तीन डालों पर इंसुलेटर बांधकर 11 हजार वोल्ट की लाइन दौड़ा दी। शुक्रवार की तड़के आई आंधी के कारण इंसुलेटर बंधी लाइन नीचे आ गई। सुबह डहर गांव के मजरा बहोरी पुरवा निवासी 60 साल के रामपाल भार्गव खेत में घास काटने गए थे तो वह इस लाइन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। 

गांव वालों संग परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की थी। इधर शनिवार को सूखे पेड़ की तीन डालों पर बंधे इंसुलेटर से निकाली गई बिजली लाइन की तस्वीर वायरल हुई तो हर कोई हैरान रह गया। सोसल मीडिया पर इंसुलेटर बंधा ये पेड़ खूब ट्रेंड हो रहा है। लोगों का कहना है कि यह बिजली विभाग की नई खोज है, जिसमें अब उन्हें खंभे की जरूरत नहीं रह गई है।

अधीक्षण अभियंता गंभीर, अधिशासी अभियंता करेंगे जांच
बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता प्रथम राम शबद मामले को लेकर गंभीर हैं। उनका कहना है कि यह सब संविदा कर्मियों की लापरवाही से हुआ है। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। पिछले दिनों आए तूफान के कारण बिजली पोल गिर गया था, जिसके कारण आनन फानन लाइन बिछा दी गई थी, लेकिन यह जेई स्तर की बड़ी लापरवाही है। मामले की जांच अधिशासी अभियंता ग्रामीण अमित कुमार को सौंप दी है। उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बुजुर्ग की मौत का बेहद अफसोस है। मृतक के परिजनों को शासन से अनुमन्य मुआवजा मिलेगा।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: तरबूज तोड़ने गए दो किशोर शारदा नदी में डूबे, एक का शव बरामद, दूसरे का नहीं चला पता

संबंधित समाचार