गम और गुस्से के बीच सुपुर्द-ए-खाक हुए मौलाना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सोनपुर में रहा खाकी पहरा, डीएम-एसपी भी रहे मौजूद

राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी,विधायक डा.आरके वर्मा समेत जनाजे में जुटे हजारों लोग

प्रतापगढ़ अमृत विचार : जमीयत उलमा के जिला महासचिव मौलाना मोहम्मद फारूक के शव को रविवार को गम और गुस्से के बीच सुपर्द ए खाक कर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही। मौलाना के शव को सुपुर्द ए खाक के बाद डीएम और एसपी सहित अधिकारियों ने राहत की सांस ली। मौलाना फारूख के जनाजे में राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी,विधायक रानीगंज आरके वर्मा समेत हजारों लोग शामिल हुए। 

बता दें कि जेठवारा थाना क्षेत्र के सोनपुर निवासी 65 वर्षीय मौलाना मोहम्मद फारूक कादीपुर में मदरसे का संचालन करते थे। बेटे मौलाना असद के अनुसार शनिवार की सुबह मौलाना फारूक गांव के ही चंद्रमणि के बुलावे पर जमीन के रुपये के लेनदेन के सिलसिले में स्कूटी लेकर घर से निकले थे। चंद्रमणि के घर उनके पिता की कुल्हाड़ी, फावड़ा, रंभा से प्रहार कर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी पर वे लोग पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। हत्या की खबर मिलते ही आसपास के लोग पहुंच गए।

हत्या के बाद पुलिस फोर्स तैनात

खून से सना शव देखकर भीड़ आक्रोशित हो उठी। पुलिस फोर्स के साथ सीओ सदर अमरनाथ राय, सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी व एएसपी पश्चिमी संजय राय पहुंचे तो एएसपी से लोगों की झड़प हुई। लोगों ने कहा कि जब तक आरोपियों के घरों पर बुलडोजर नहीं चलता, गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव नहीं उठने देंगे।तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए प्रतापगढ़ के अलावा प्रयागराज, कौशाम्बी और फतेहपुर से जिले से भी पुलिस फोर्स बुला ली गई थी।

जिलाधिकारी संजीव रंजन व पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के समझाने बुझाने और मांगों को पूरा करने के आश्वासन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। रविवार को छावनी बन चुके सोनपुर गांव में मौलाना को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दोपहर करीब 12:15 बजे  शांति पूर्वक सुपुर्द- ए- खाक कर दिया गया। इस दौरान गम और गुस्से का मिला-जुला माहौल रहा। बीच में आक्रोशित हो रहे लोगों को पुलिस और प्रशासन के अधिकारी शांत कराते रहे। हजारों की भीड़ जुटने को लेकर पुलिस सतर्क रही। डीएम संजीव रंजन, एसपी सतपाल अंतिल,एएसपी दुर्गेश कुमार सिंह,एएसपी संजय राय,कई क्षेत्राधिकारी,दर्जन भर से अधिक थानों की पुलिस के अलावा पीएसी के जवानों ने पूरे माहौल पर नजर बनाए रखी।मौलाना के शव को सुपुर्द ए खाक के बाद डीएम और एसपी सहित अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

क्रबिस्तान में आए मुरीद

किसी धर्म का एक व्यक्ति गलती करे तो पूरे धर्म के लोग मुजरिम नहीं बनते

जमीयत उलमा उत्तर प्रदेश के जनरल सेक्रेटरी मौलाना अब्दुल हादी ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील की। सभी मदरसे के उलमा को मौलाना फारूक के जनाजे में अधिक से अधिक संख्या में शिरकत करने की गुजारिश की। उन्होंने कहा की किसी धर्म का एक व्यक्ति गलती करे तो पूरे धर्म के लोग मुजरिम नहीं बनते। मौलाना ने डीएम और कप्तान से दरखास्त किया कि वह दिवंगत मौलाना की पत्नी की आर्थिक मदद कराए।

इमरान प्रतापगढ़ी ने 5 लाख रूपये की आर्थिक मदद की कही बात

  राज्यसभा सदस्य और कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी रविवार को मृतक मौलाना मो.फारूक के परिजनों से मिले। उन्होंने घटना पर अफसोस और दुःख व्यक्त करते हुए ढांढस बंधाया। कहा प्रशासन हरसम्भव मदद करेगा। उन्होंने मौलाना के परिजनों को पांच लाख रूपये की आर्थिक मदद देने की बात कही। जनाजे में रानीगंज विधायक डा.आरके वर्मा, प्रयागराज के मौलाना कमरूज्जमा, सुल्तानपुर  के मौलाना मोहम्मद गनी, जिला पंचायत सदस्य मो. एजाज अहमद, सपा जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी समेत विभिन्न जिलों के मौलाना और राजनीतिक दलों के लोग भी मौके पर पहुंचे।

मुख्य आरोपी की पत्नी समेत दो गिरफ्तार

जेठवारा के सोनपुर में मौलाना फारूक की हत्या के बाद उनके बेटे मो. असद की तहरीर पर गांव के चन्द्रमणि तिवारी पुत्र शिव लखन तिवारी, चन्द्रमणि की पत्नी सीमा तिवारी, बेटे सागर तिवारी, वैभव तिवारी एवं देवी प्रसाद पुत्र लालता प्रसाद के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने सीमा तिवारी व देवी प्रसाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

एसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है,जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा। जिलाधिकारी प्रतापगढ़ संजीव रंजन ने बताया कि परिजनों द्वारा आर्थिक सहायता,सरकारी नौकरी,शस्त्र लाइसेंस सहित मांगो का पत्र मिला था। मांग पत्र को शासन को भेज दिया गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस फोर्स तैनात है। मांग पत्र पर स्वीकृति मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेः लखनऊः ईशान ने जेईई एडवांस में हासिल की 346वीं रैंक

 

संबंधित समाचार