सुलतानपुर में बीएड प्रवेश परीक्षा से 408 अभ्यर्थियों ने किया किनारा, आठ केंद्रों पर हुई परीक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुलतानपुर, अमृत विचार। रविवार को जिले के आठ केंद्रों पर दो शिफ्ट में यूपी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। इस वर्ष परीक्षा का आयोजन बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी झांसी की ओर से किया गया। दो शिफ्ट में हुई परीक्षा में कुल 408 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। किसी भी केंद्र पर नकलची नहीं पकड़े गए। 

उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए शहर के केएनआई में चार केंद्र बनाए गए थे। इसके अलावा गनपत सहाय महाविद्यालय, राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज , केशकुमारी राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज, महात्मा गांधी स्मारक इंटरमीडिएट कालेज सुलतानपुर को केंद्र बनाया गया था। नोडल बनाए गए केएनआईपीएसएस के प्राचार्य प्रो. आलोक कुमार सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों को मिलाकर कुल 3817 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 3412 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। 405 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में तीन अभ्यर्थियों ने और परीक्षा छोड़ दी। इस हिसाब अनुपस्थिति 408 पहुंच गई। जबकि, दूसरी पाली में 3409 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। गनपत सहाय में प्राचार्य प्रो. अंग्रेज सिंह राणा, पर्यवेक्षक बनाए गए राणा प्रताप महाविद्यालय के प्राध्यापक डा. संतोष कुमार सिंह अंश, एसडीएम के निरीक्षण किया। अन्य केंद्रों पर भी आंतरिक सचल दल के साथ वाह्य सचल दल के निरीक्षण में नकलची नहीं मिले। अभ्यर्थियों ने बताया कि इस वर्ष प्रवेश परीक्षा में प्रश्न पत्र का स्तर न ही कठिन और न ही सरल होकर मध्यम स्तर का रहा है।

राणा प्रताप कॉलेज ने पिलाया शीतल जल 
उत्तर प्रदेश संयुक्त बी एड प्रवेश परीक्षा में राणा प्रताप पीजी कॉलेज की तरफ से केशकुमारी राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज, राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, महात्मा गांधी स्मारक इंटरमीडिएट के परीक्षा केंद्र पर गुड़ और शीतल जल की व्यवस्था परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों के लिए की गई। इस अवसर पर महाविद्यालय के अध्यक्ष संजय सिंह, प्रबंधक बालचंद्र सिंह , दिलीप सिंह , समर बहादुर सिंह, विनय सिंह, रामलाल मिश्रा, रोहित कुमार, सुमित कुमार, अभिषेक सिंह, विष्णु पाल,  ऋषिराम, परमेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें -लखनऊः ईशान ने जेईई एडवांस में हासिल की 346वीं रैंक

संबंधित समाचार