लखनऊ: ई-रिक्शा के लिए 11 प्रतिबंधित रूट खोलने को लेकर प्रदर्शन की तैयारी में यूनियन
डीएम और शासन के अधिकारियों से मिलकर आज लगाएंगे गुहार
लखनऊ, अमृत विचार। शहर में ई रिक्शा के लिए प्रतिबंधित किये गये 11 रुटों पर एक बार फिर से संचालन को लेकर कवायद तेज हो गई। जाम की वजह बने ई-रिक्शा के लिए 11 प्रतिबंधित रूट खोलने समेत कई मांगों को लेकर यूनियन प्रदर्शन की तैयारी में है।
इसके पीछे वजह यह है कि बीते दिनों इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक याचिका पर आदेश दिया है, जिसमें हाईवे पर ई-रिक्शा पर प्रतिबंध को गलत करार दिया है। कोर्ट के इसी आदेश को लेकर ई रिक्शा यूनियन के पदाधिकारी सोमवार को डीएम और शासन के अधिकारियों से मिलकर प्रतिबंधित रूट खोलने की गुहार लगाएंगे।
ई-रिक्शा डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रस्ताव बनाया है, जिसमें जाम की वजह बने ई-रिक्शा से राहत मिलने के उपाय बताए गए हैं। इस संबंध में 7 बिंदुओं पर प्रस्ताव तैयार कर डीएम से लेकर शासन स्तर के अधिकारियों को ज्ञापन दिया जाएगा। एसोसिएशन अध्यक्ष ऋषि गुप्ता महामंत्री अंकित जैन ने बताया कि नेशनल हाईवे पर ई-रिक्शा संचालन पर लगी पाबंदी पर कोर्ट ने रोक लगा दी है।
ई-रिक्शा से राहत के सात उपाय
- ई-रिक्शा और ई-ऑटो दोनों पर सामान नियम लागू हो
- प्रतिबंधित रूटों पर ई रिक्शा का संचालन समय तय हो
- बिना फिटनेस वाले ई-रिक्शा पर रोक लगाई जाए
- नाबालिगों के ई-रिक्शा संचालन पर सख्ती की जाए
- सड़क पर ई-रिक्शा संचालन की उम्र तय की जाए
- ई-रिक्शा पर माल ढुलाई पर तत्काल रोक लगाई जाए
- प्रतिबंधित रूट पर ई-रिक्शा संचालन का समय तय हो
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: वाहन की टक्कर से दंपती घायल, बच्चे की मौत, सीतापुर जा रहे थे बाइक सवार
