Bareilly : बीजेपी वोटों को कटवा रही...सड़क से संसद तक करेंगे संघर्ष

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह रविवार को सुरेश शर्मा स्थित आवास विकास कालोनी में पार्टी के रुहेलखंड प्रांतीय कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने 21 दिसंबर से 26 दिसंबर तक ''वोट बचाओ-संविधान बचाओ'' पदयात्रा की तैयारियों पर चर्चा की। इसके बाद प्रेसवार्ता में भाजपा पर तीखा हमला किया और कहा कि उत्तर प्रदेश में करोड़ों मतदाताओं के वोट पर खतरा मंडरा रहा है। पूरे प्रदेश में सुनियोजित साजिश के तहत मतदाता सूची में भारी गड़बड़ियां की जा रही हैं। आरोप लगाया कि बिहार में 70-70 हजार वोट एक विधानसभा से काट दिए और अब यूपी में भी हजारों वोट काटने की साजिश चल रही है। वोट बचाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेंगे।

संजय सिंह ने दावा किया लखनऊ, जौनपुर और रामपुर में वोट काटने से जुड़ी गड़बड़ियां के प्रमाण उनके पास हैं। आंकड़े चौंकाने वाले हैं, इसका 11 दिसंबर तक खुलासा होगा। इस वोट डकैती के खिलाफ ही पार्टी 21 से 26 दिसंबर तक छह दिवसीय पदयात्रा निकालेगी, जो रामपुर, मुरादाबाद और अमरोहा जिलों को कवर करेगी। इस दौरान रामपुर, मुरादाबाद, पाकवाड़ा और अमरोहा में चार बड़ी जनसभाएं होंगी। सांसद ने कहा एसआईआर जैसी कार्रवाई का उपयोग कर मतदाताओं को डराया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा आक्रमण है। उन्होंने कहा कि भाजपा के इशारे पर एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर असली मतदाताओं को सूची से बाहर किया जा रहा है। इस दौरान प्रांतीय अध्यक्ष इंजी. मोहम्मद हैदर, प्रांतीय उपाध्यक्ष सुनीता गंगवार, आसिफ मियां, राम सिंह मौर्य आदि मौजूद रहे।

बुलडोजर राजनीति पर किया सीधा प्रहार
बरेली में बुलडोजर कार्रवाई पर संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार बुलडोजर को एक समुदाय विशेष के खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है। बुलडोजर न संविधान है, न सुप्रीम कोर्ट। इसे मुसलमानों के खिलाफ चलाकर राजनीतिक फायदा लिया जा रहा है। अगर कानून सबके लिए बराबर है, तो कार्रवाई सिर्फ एक समुदाय पर क्यों।

 

संबंधित समाचार