कन्नड़ फिल्म अभिनेता दर्शन गिरफ्तार, जानिए क्या है मामला?

कन्नड़ फिल्म अभिनेता दर्शन गिरफ्तार, जानिए क्या है मामला?

बेंगलुरु। प्रमुख कन्नड़ फिल्म अभिनेता दर्शन थुगुदीपा को कथित हत्या के एक मामले में गिरफ्तार में लिया है। बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दर्शन और उसके सहयोगियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। दयानंद ने संवाददाताओं को बताया, "एक हत्या के सिलसिले में कन्नड़ फिल्म अभिनेता को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।"

 पुलिस अधिकारी ने बताया कि 47 वर्षीय अभिनेता को मैसूर के एक होटल से नौ जून को हिरासत में लिया गया। रेणुका स्वामी नामक व्यक्ति की हत्या के सिलसिले में इनकी गिरफ्तारी की गई है। जानकारी के मुताबिक फार्मेसी कंपनी में काम करने वाले और चित्रदुर्ग जिला मुख्यालय शहर के निवासी स्वामी की कथित हत्या के बाद उसके शव को कामाक्षीपाल्या में एक नाले में फेंक दिया गया था। 

दयानंद ने बताया, "अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने और उसके शरीर पर चोटों के निशान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान रेणुका स्वामी के रूप में हुई है।" उन्होंने कहा ‘‘ हमने कन्नड फिल्म अभिनेता औन उनके सहयोगियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच अभी जारी है, इसलिए मैं और जानकारी साझा नहीं कर सकता।’’ 

जब उनसे पूछा गया कि क्या दर्शन को गिरफ्तार किया गया है, तो उन्होंने कहा, "उन्हें हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। उचित प्रक्रिया के बाद अन्य प्रक्रियाएं अपनाई जाएंगी।" आरोप है कि मृतक ने सोशल मीडिया पोस्ट में एक फिल्म अभिनेत्री के खिलाफ कुछ अपमानजनक टिप्पणी की थी। पुलिस को हत्या की जानकारी तब लगी जब स्थानीय निवासियों ने उन्हें शव के बारे में सूचना दी। 

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और फोरेंसिक रिपोर्ट से पुष्टि हुई कि रेणुका स्वामी की हत्या की गई थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आगे की जांच में कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया और पूछताछ में इन्होंने कई राज खोले। सूत्रों के मुताबिक, इन्हीं के दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने अभिनेता दर्शन को हिरासत में लिया है। 

फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि क्या अभिनेता सीधे तौर पर हत्या में शामिल थे या वह साजिश का हिस्सा थे। इस बीच, सूत्रों ने बताया कि जिस अभिनेत्री के खिलाफ मृतक ने अपमानजनक टिप्पणी की थी, उसे भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। रेणुका स्वामी के माता-पिता उनकी हत्या की खबर सुनकर गमगीन हो गए। 

उनके पिता श्रीनिवासैया ने कामाक्षीपाल्या पुलिस थाने में संवाददाताओं से कहा, "वह मेरा इकलौता बेटा था। पिछले साल ही उसकी शादी हुई थी। मैंने शनिवार को ही उससे बात की थी। मुझे अपने बेटे के लिए न्याय चाहिए।" अभिनेता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरआर नगर स्थित उसके घर पर सुरक्षा बढ़ा दी है। अभिनेता दर्शन 'करिया', 'क्रांतिवीरा सांगोली रायन्ना', 'कलसीपल्या', 'गज', 'नवग्रह', 'सारथी', 'बुलबुल', 'यजमाना', 'रॉबर्ट' और 'काटेरा' सहित कई सफल फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। 

यह भी पढ़ें- Sonakshi-Zaheer Marriage : सोनाक्षी ने जहीर इकबाल संग शादी को लेकर तोड़ी चुप्पी, शत्रुघ्न सिन्हा बोले- आजकल के बच्चे सहमति नहीं लेते