Unnao: मवेशी चराने गई किशोरी गंगा में डूबी, तलाश जारी, परिजनों में मची चीख पुकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव अंतर्गत फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में बहन के साथ मवेशी चराने गई बच्ची अचानक गंगा नदी के गहरे पानी में डूब गयी। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने बच्ची की खोजबीन की। लेकिन, उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने भी उसकी खोज करायी। लेकिन, अंधेरा होने से सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद बुधवार को भी बच्ची की गंगा में खोजबीन जारी रही। 

बता दें, कटरी गदनपुर आहार गांव के मजरा भिखारी पुरवा निवासी सियाराम की 12 वर्षीय बेटी सिमरन अपनी बड़ी बहन मानसी व गांव के अन्य बच्चों के साथ मवेशी चराने गयी थी। इसी बीच सभी बच्चे गंगा नदी में नहाने लगे। अचानक सिमरन गहरे पानी में चली गयी। उसे बचाने का प्रयास बड़ी बहन व अन्य बच्चों ने किया लेकिन, वे सफल नहीं हुये। 

इसके बाद बच्चों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों के साथ पहुंचे ग्रामीणों ने किशोरी की करीब 200 मीटर तक गंगा में खोजबीन की लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चल सका। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने बताया कि सिमरन कक्षा 6 की छात्रा है। 

बुधवार को भी पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसकी खोजबीन करायी, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बच्ची के डूबने से मां शीला का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं अन्य परिजन भी बेहाल हैं। प्रभारी निरीक्षक राजेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि बच्ची के गंगा में डूबने की सूचना मिली थी। गोताखोरों की मदद से बच्ची की तलाश करवाई जा रही है। अभी तक उसका पता नहीं चल सका है।

यह भी पढ़ें- Exclusive: चुनाव में ‘गैर’ हुए थे ‘भाजपाई’, अब एक ओर ‘पहाड़’ तो दूसरी तरफ ‘खाई’

 

संबंधित समाचार