Bareilly News: जोनल कार्यालय में आग लगाने वाले निलंबित बैंक अफसर की तलाश में जुटी पुलिस
बरेली, अमृत विचार। सिविल लाइंस स्थित बैंक आफ बड़ौदा के जोनल कार्यालय में आग लगाने के बाद बैंक अफसर अंकित गोयल फरार है। उसने फोन स्विच ऑफ कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस मेडिकल कराकर उसकी मानसिक स्थिति के बारे में पता करेगी।
मूल रूप से बुलंदशहर निवासी अंकित गोयल बरेली में बैंक ऑफ बड़ौदा की स्टेशन रोड शाखा में सहायक प्रबंधक था। पिछले महीने अंकित उस समय चर्चा में आया था, जब उसकी फुटेज मेट्रो में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ टिप्पणी लिखते मिली थी।
दिल्ली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद बरेली से अंकित को गिरफ्तार किया था। उसी दिन अंकित को जमानत मिल गई, लेकिन बैंक प्रबंधन ने उसे निलंबित कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर बुधवार को अंकित ने बैंक आफ बड़ौदा के जोनल कार्यालय में जीएम के चैंबर में आग लगा दी थी।
पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद उसने सीडीओ कार्यालय में भी आग लगाने की कोशिश की थी। मामले में उप महाप्रबंधक ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी प्रेमनगर थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहता है। आसपास के लोगों ने बताया कि सुबह से ही वह हंगामा कर रहा था। उसने पत्नी की कार में भी आग लगा दी थी।
सीडीओ कार्यालय में आग लगाने की कोशिश में अज्ञात पर रिपोर्ट
बुधवार को सीडीओ कार्यालय में आग लगाने की कोशिश करने के मामले में गुरुवार को लिपिक राजेश बाबू ने बारादरी थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस बैंक प्रबंधन को को नोटिस देकर कर सकती है पूछताछ
सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि जब मामले ने तूल पकड़ा तो बैंक प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। जांच में अगर साक्ष्य छिपाने की पुष्टि हुई तो नोटिस देकर बैंक प्रबंधन से पूछताछ की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित कर दी गई है।
ये भी पढे़ं- World Blood Donor Day Special: ब्लड बैंकों में रक्तदान करने वाले कम, मांग ज्यादा
