अयोध्या: गाँवों से गायब हैं सफाईकर्मी, नालियों व सड़क पर लगा कूड़े का ढेर
मवई/अयोध्या, अमृत विचार। प्रधानमंत्री के मिशन स्वच्छता अभियान का ग्रामीण क्षेत्र में बुरा हाल है। नियुक्त सफाईकर्मी नदारद रहते हैं। अधिकतर सफाईकर्मी अधिकारियों व प्रधानों की सेवा कर अपनी ड्यूटी पूरी कर रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई के लिए तैनात कर्मियों की लापरवाही जनहित पर भारी है। बारिश का मौसम शुरू होने वाला है ऐसे में नालियों की सफाई न होने से जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को परेशान होना पड़ेगा। कुछ सफाईकर्मी ऐसे भी हैं, जो वर्षों से गायब हैं और बगैर काम किए ही वेतन ले रहे हैं। कुछ सफाईकर्मी अधिकारियों की कृपा से ब्लाक व जिला कार्यालय पर तैनात हैं। कुछ तो उच्चाधिकारियों की सेवा में लगा दिए गए हैं। मवई ब्लाक के 51 ग्राम पंचायतों में कुल 76 सफाईकर्मियों की तैनाती है। जिनमे से 56 सफाईकर्मी ग्राम पंचायत में तैनात है तो वहीं 20 सफाईकर्मी अलग अलग जगहों पर अधिकारियों के कार्यालयों पर अटैच किए गए है। जबकि इन सभी को गांव की मुख्य सड़कों, गलियों, नालियों के साथ ही सरकारी स्कूलों और भवनों के साफ-सफाई की जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन ये अधिकतर गांवों में जाते ही नहीं है। दर्जनों ऐसे भी सफाईकर्मी हैं जो अलग से कोई काम-धंधा कर रहे हैं। सफाईकर्मियों की लापरवाही से गांवों में स्वच्छता अभियान धड़ाम है। सड़कों, गलियों में फैली गंदगी के बीच ही यहां के निवासी रहने को विवश हैं। गांवों में साफ सफाई नहीं होने की शिकायत का संज्ञान नहीं लिया जाता है।

मवई ब्लॉक के अधिकांश गांव गंदगी से हैं पटे
संडवा, गोंडियन पुरवा,भवानीपुर, दिगंबरपुर, बसौंढ़ी, दुल्लापुर सेवड़हरा, महमूदपुर, सुल्तानपुर, रतनपुर, अशरफनगर, रानेपुर, सिपहिया कोटवा, पूरे कामगार, लखनीपुर, मखदुमपुर, मोहम्मदपुर दाउदपुर, धधवारा, मवईचौराहा, हंसराजपुर, मोहम्मदपुर खजुही, मवई जुनेदपुर, कसारी, उमापुर भटमऊ, नारायणपुर, गणेशपुर माजनपुर, नेवरा रजनपुर, पटरंगा कामापुर लोधन आदि गांवों में सफाईकर्मी कभी कभार सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए जाते है।इन गांवों में गंदगी का अम्बार लगा हुआ है। लोगों ने सफाई कर्मी कभी भी न आने की शिकायत किया है और गांव में तैनात लापरवाह कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान की मांग पर भी नही हुई सुनवाई
मवई ब्लाक के मवई गांव में ही चिराग तले अंधेरा कहावत चरितार्थ हो रही है। गांव में तैनात सफाईकर्मी कभी भी गांव में नहीं आता है ब्लाक पर हाजिरी लगाकर मौज कर रहा है। ग्राम प्रधान अब्बास ने किसी दूसरे सफाईकर्मी को तैनात किए जाने की मांग बीडीओ मवई से किया है लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नही हुई है।
वर्जन-
ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात सफाईकर्मियों की साफ-सफाई की जिम्मेदारी और जवाबदेही है। एडीओ पंचायत को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया है ताकि हर ग्राम पंचायत में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहे। -अनुपम वर्मा, बीडीओ मवई अयोध्या
