Auraiya: यमुना तट पर स्थित विश्रांत पर चला सफाई अभियान...गंगा दशहरा पर श्रद्धालु यमुना में लगाएंगे आस्था की डुबकी

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

औरैया में गंगा दशहरा पर श्रद्धालु यमुना में लगाएंगे अपनी आस्था की डुबकी

औरैया, अमृत विचार। समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति औरैया द्वारा स्वच्छता अभियान के अंतर्गत लगभग एक दशक से श्मशान घाटों, धार्मिक स्थलों, प्राचीन विश्रांत, पिंडदान स्थल आदि स्थानों पर जनहित में सफाई अभियान चलाया जाता है। 

शनिवार को सुबह सात बजे से ही गंगा दशहरा से पूर्व यमुना तट पर स्थित प्राचीन विश्रांत (स्नान घाट) पर सफाई अभियान चलाया गया। समिति के सदस्यों ने सफाई यंत्रों के सहयोग से स्नान स्थल पर प्लास्टिक, पॉलिथीन, कचरा, अपशिष्ट, कूड़ा आदि को एकत्रित कर नष्ट किया। 

विश्रांत पर स्नान स्थल की साफ-सफाई से स्नान करने आये श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी। कार्यक्रम के अंतर्गत समिति के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि पावन गंगा दशहरा पर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र यमुना नदी में औरैया शहर व आसपास ग्रामीण क्षेत्रों के तमाम श्रद्धालु अपनी आस्था की डुबकी लगाते है। 

सफाई अभियान के उपरांत यमुना तट पर पर्यावरण गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में समिति के संस्थापक ने बताया कि जून की तापती गर्मी ने पिछले कई सालों के रिकार्ड ध्वस्त कर दिए। पर्यावरण की अनदेखी से हालात दिन पर दिन बिगड़ते जा रहे हैं।आसमान से बरस रही आग आम लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। 

शिक्षक अनुराग गुप्ता ने कहा कि पारा 45-47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की कोशिश कर रहा है।मनीष पुरवार (हीरू) ने कहा प्राकृतिक धरोहरों, वन संपदाओं, जंगलों का अस्तित्व समाप्त कर कृत्रिम सौंदर्रीकरण के साथ व्यापारिक दृष्टिकोण अमल में लाया जा रहा हैं, देवेंद्र आर्य ने कहा कि पेड़-पौधों की कमी से हीट वेव का प्रकोप भी ग्लोबल वार्मिंग का संकेत है

पृथ्वी का तापमान प्रति वर्ष बढ़ता जा रहा है, जो एक गंभीर चेतावनी का स्वरूप हैं। समाजसेवी राजीव पोरवाल (रानू) ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन के चलते स्वस्थ पर्यावरण के प्रति लोगों को गंभीर चिंतन-मंथन करते हुए बढ़-चढ़कर यथासंभव योगदान देने की जरूरत है। 

जिससे आगे आने वाली पीढ़ी निरोग व प्रसन्नचित्र रहकर कुशलता पूर्वक अपना जीवन यापन कर सके। गोष्ठी के समापन पर मौजूद लोगों ने सामूहिक रूप से कहा कि "हम सबने यह ठाना है, पौधों को लगाना हैं।" सफाई अभियान व गोष्ठी में प्रमुख रूप से शिक्षक अनुराग गुप्ता, समाजसेवी राजीव पोरवाल (रानू), मनीष पुरवार (हीरू), अनूप विश्नोई, देवेंद्र आर्य हिमांशु दुबे, जूनियर शाखा अनमोल के पूर्व अध्यक्ष अर्पित गुप्ता, सतीश चंद्र, रज्जन बाल्मीक रामप्रसाद व अजय बाल्मीकि आदि सेवादार मौजूद रहे।                                                                                                                  

यमुना तट पर पानी पीने की मशीन की स्थापना हेतु कार्य प्रगति पर                                                      

यमुना तट पर ऊपर नगर पालिका परिषद, औरैया द्वारा निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थल परिसर में शव यात्रा के साथ आए हुए लोगों के लिए पीने के ठंडे पानी के लिए सोलर वाटर कूलर की स्थापना हेतु बोरिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है, वाटर कूलर व सोलर पैनल हेतु सीमेंटेड फाउंडेशन तैयार हो रहा है।

ये भी पढ़ें- Kanpur: GSVM मेडिकल कॉलेज में सैलरी न आने पर जूनियर डॉक्टरों ने दिया धरना...प्राचार्य के कार्यालय के बाहर हड़ताल पर बैठे

संबंधित समाचार