लखीमपुर खीरी: नकली सोने की ईंट दिखाकर 40 लाख की ठगी, तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: नकली सोने की ईंट दिखाकर अहमदाबाद (गुजरात) के व्यापारियों से 40 लाख की ठगी के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कथित नकली सोने की ईंट, आठ लाख रुपये और घटना में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का चालान कर दिया है। 

पखवाड़े भर पहले गुजरात के अहमदाबाद निवासी हनीफ अपने अन्य दो साथियों के साथ ढखेरवा आए थे। ठगों ने उन्हें लखमीपुर के ढखेरवा रोड पर सोने की डुप्लीकेट ईंट दिखाई थी। ईट का सौदा 40 लाख रुपए में हुआ था। एक लाख बयाना देने के बाद वह लोग अहमदाबाद चले गए थे। पांच दिन बाद ईंट खरीदने और उसको परखने के लिए वह अपने साथियों के साथ कार से आए थे। 

गांव सेमरा पुरवा निवासी बाबा ने ईंट दिखाने के पहले उनसे 15 लाख रूपये ले लिए और भाग निकले थे। ठगी का शिकार हुए लोग जब ढखेरवा चौकी पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें भगा दिया था। चार दिन पहले यह मामला सीअो निघासन प्रवीण कुमार के संज्ञान में आया तो उन्होंने जांच की। जांच में मामला सही मिलने पर चार लोगों को हिरासत में ले लिया। 

उनसे पूछताछ की तो चौकी इंचार्ज पर सात लाख रुपये लेकर मामला रफादफा करने की बात सामने आई थी। इस पर शुक्रवार को एसपी गणेश प्रसाद साहा ने चौकी इंचार्ज ढखेरवा गौरव सिंह को निलंबित कर दिया था। एएसपी पूर्वी पवन गौतम न बताया कि पुलिस ने ठगी की घटना में शामिल थाना निघासन के गांव सेमरापुरवा मजरा मिर्जागंज, राजेश सिंह निवासी प्रतापगढ़ मजरा मूड़ाबुजुर्ग और थाना पढुआ के गांव

जम्हौरा निवासी दिनेश कुमार उर्फ बाबा को थाना निघासन क्षेत्र में गांव बस्तीपुरवा स्थित आम के बाग से गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से नकली सोने की ईंट, 8 लाख रुपये व  घटना मं प्रयुक्त एक बाइक बरामद की है। पुलिस ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर सभी आरोपियों का चालान भेजा गया है। 

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: शिक्षामित्र की मौत के बाद दर्ज हुई रिपोर्ट तो तालाब को बराबर करने में जुटे खनन माफिया, वीडियो वायरल 

संबंधित समाचार