लखनऊ: तीन घंटे का जटिल ऑपरेशन, छह साल बाद मुस्कुराए अशोक, बलरामपुर अस्पताल में पहली बार हुआ ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया का सफल ऑपरेशन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बलरामपुर अस्पताल में पहली बार हुआ ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया का सफल ऑपरेशन

लखनऊ, अमृत विचार। बलरामपुर अस्पताल के चिकित्सकों ने साढ़े तीन घंटे का जटिल आपरेशन कर दुर्लभ रोग ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया (चेहरे की नसों में भीषण दर्द) से पीड़ित अशोक कुमार (46) के चेहरे पर मुस्कुराहट लौटाई है। इस तरह का आपरेशन बलरामपुर अस्पताल में पहली बार किया गया है।

प्रतापगढ़ के रहने वाले अशोक छह साल से दाहिने चेहरे पर असहनीय दर्द से इतने परेशान थे कि मुस्कुरा भी नहीं पाते थे। हाथ फिराने या हवा के झोंके से भी उन्हें असहनीय दर्द होता था जो घंटों तक रहता था। वे दातून-कुल्ला भी नहीं कर पाते थे। खाना खाने और पानी पीते समय भी दर्द उन्हें बेचैन कर देता था।

बलरामपुर अस्पताल में न्यूरोसर्जन डॉ. विनोद तिवारी ने उनकी एमआरआई जांच कराई तो दुर्लभ रोग ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया की पुष्टि हुई। ब्रेन की पांचवीं नस को उसी की नाड़ी ने दबाया हुआ था। इससे फालिज का भी खतरा था। अस्पताल के निदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण ने बताया डॉ. विनोद तिवारी, डॉ. एएस चंदेल, डॉ. बीबी भट्ट, डॉ. शुभम, डॉ. गार्गी शुक्ला और सिस्टर्स निर्मला मिश्रा, उर्मिला सिंह, सीमा शुक्ला व दया,ओटी स्टाफ गिरीश, कृष और ऋषि की टीम ने आपरेशन किया।

 

दुनिया की सबसे तकलीफदेह बीमारियों में से एक

नसों से जुड़ी बीमारी ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया दुनिया की सबसे तकलीफदेह बीमारियों में से एक है। इस में चेहरे के किसी खास हिस्से में चाकू मारने या बिजली का करंट लगने जैसा तेज दर्द महसूस होता है। यह दर्द ट्राइजेमिनल नाम की नस में होने वाले दर्द की वजह से होता है। यही वह नस है जो चेहरा, आंख, साइनस और मुंह में होने वाली किसी भी तरह की फीलिंग, टच और दर्द के अहसास को दिमाग तक पहुंचाती है। 50 साल की उम्र के बाद इसका खतरा अधिक रहता है।

दांत से जुड़ी बीमारी समझ कर लोग करते हैं नजरअंदाज

ज्यादातर मरीज शुरुआत में इस बीमारी के दर्द को दांतों से जुड़ा दर्द मान कर नजरअंदाज करते हैं। यह पूरे चेहरे का दर्द होता है जिसमें चेहरे के एक साइड पर कुछ सेकंड या कुछ मिनटों के लिए तेज दर्द होता है। बहुत ज्यादा गर्मी या बहुत ज्यादा ठंड हो तब भी ये दर्द बढ़ जाता है। शुरुआत में इंजेक्शन और दवाओं से बीमारी को ठीक किया जा सकता है लेकिन बीमारी गंभीर होने पर सर्जरी की जरूरत पड़ती है।

बीमारी के लक्षण
  1. ब्रश करने पर पूरे चेहरे में तेज दर्द महसूस होना।
  2. चेहरे को छूने पर दर्द होना।
  3. शेविंग करने या चेहरे पर मेकअप लगाने पर दर्द होना।
  4. खाने-पीने के दौरान दर्द महसूस होना।
  5. बोलने या हंसने पर भी चेहरे पर तेज दर्द महसूस होना।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: नैनीताल बैंक बेचने के विरोध में हड़ताल, अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

 

संबंधित समाचार