मुरादाबाद: घर दिलवाने के नाम पर विधवा से 50 हजार की ठगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। बिजली अफसर बनकर आए एक युवक ने मकान दिलवाने के नाम पर विधवा से 50 हजार की ठगी कर ली। काफी वक्त बीतने के बाद भी जब मकान नहीं मिला तो विधवा ने युवक से संपर्क किया। टाल-मटोल करने पर विधवा युवक के घर पहुंच गई तो परिजनों ने उससे वास्ता न होने …

मुरादाबाद,अमृत विचार। बिजली अफसर बनकर आए एक युवक ने मकान दिलवाने के नाम पर विधवा से 50 हजार की ठगी कर ली। काफी वक्त बीतने के बाद भी जब मकान नहीं मिला तो विधवा ने युवक से संपर्क किया। टाल-मटोल करने पर विधवा युवक के घर पहुंच गई तो परिजनों ने उससे वास्ता न होने की बात कहकर टरका दिया। इसके बाद महिला ने पाकबड़ा थाने में ठगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है।

भाढ़ला गांव निवासी महिला भागवती विधवा है। बताते हैं कि काफी समय पहले उसके घर पर बुलेरो से एक युवक आया। खुद को बिजली अफसर बताते हुए उसने मीटर चेक करने की बात कही। भागवती के अनुसार बातचीत के दौरान युवक ने कहा कि वह उसे मकान बनवाने के नाम पर पैसा दिलवा सकता है। साथ ही बेटी की शादी के लिए भी सरकारी मदद दिलवा देगा। कुल मिलाकर उसने आठ लाख रुपये दो किस्तों में दिलवाने का आश्वासन दिया।

भागवती के अनुसार वह लालच में आ गई तो युवक ने कहा कि करीब 50 हजार का खर्चा आएगा। इसके बाद युवक चला गया और फिर कुछ दिनों बाद आया। भागवती के अनुसार तीन-चार बार आकर युवक 50 हजार रुपये ले गया। लेकिन, काफी वक्त बीतने के बाद भी उसे कोई सरकारी मदद नहीं दिलाई। फोन करने पर वह टकराने लगा। बाद में जानकारी करने पर मालूम हुआ कि युवक गांव के एक अन्य युवक से भी 40 हजार की ठगी कर चुका है।

यह जानकारी होने के बाद भागवती सम्भल के असमोली थाना क्षेत्र के ग्राम गहरादबोई स्थित युवक के घर पहुंच गई, जहां पर परिजनों ने दो टूक यह कहकर टरका दिया कि उनका युवक से कोई वास्ता नहीं हैं। पहले भी वह कुछ लोगों के साथ ठगी कर चुका है। इसके बाद भागवती ने पाकबड़ा थाने में युवक सोनू के खिलाफ तहरीर दे दी। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है।

संबंधित समाचार