महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव में कल अयोध्या में जुटेंगे राजनेता और धर्माचार्य
अयोध्या, अमृत विचार। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव में गुरुवार को देश भर से संत धर्माचार्यों का जमावड़ा होगा। इसके साथ ही उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, दक्षिण भारत के प्रमुख पीठाधीश्वर के साथ हरिद्वार, प्रयागराज, मथुरा, वृंदावन, गुजरात, पंजाब, मध्य प्रदेश से भी संत-महंत पहुंचेंगे। डॉ. सुब्रमण्यम स्वामी, आचार्य प्रमोद कृष्णन, विहिप से दिनेश कुमार, चंपत राय, उड़ाप्पी पीठाधीश्वर विश्वतीर्थ प्रसन्नाचार्य, मुम्बई से स्वामी गोविंद देव गिरी भी शामिल होंगे।
मणिराम दास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास ने बताया कि संत सम्मेलन को लेकर तैयारी हो गई है। बड़ी संख्या में महापुरुष पहुंच रहे हैं। बीते 14 जून से भागवत कथा का आयोजन चल रहा है। सम्मेलन में साधु-संत राष्ट्र चिंतन करेंगे। धर्म रक्षा के लिए हमें अपने आपको कैसे मजबूत करना है इस पर भी मंथन किया जाएगा। 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ मणिरामदास छावनी में हर वर्ष आयोजित जन्मोत्सव के कार्यक्रम में शामिल होते रहे हैं, लेकिन इस वर्ष लोकसभा चुनाव में अयोध्या सीट पर हार के कारण जन्मोत्सव कार्यक्रम से दूरी बना रखी है। हालांकि इस मामले पर मणिराम दास छावनी उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने बताया कि कई महत्वपूर्ण कार्यों में लगे हुए हैं। इस आयोजन की सूचना उन्हें भी दी गई है। समय निकलने पर जरूर आएंगे।
ये भी पढ़ें -54 साल के हुए राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने दी बधाई
