Auraiya: बेटी के घर रह रहे वृद्ध का अरिंद नदी किनारे मिला शव...परिजनों में मची चीख-पुकार, जांच में जुटी पुलिस
बेटी के घर रह रहे एक वृद्ध का शव अरिंद नदी किनारे मिला
औरैया, अमृत विचार। बिधूना कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को मऊ व गूरा गांव के समीप देवघट बाबा मंदिर से 5 सौ मीटर दूरी पर अरिंद नदी के किनारे एक वृद्ध का शव मिलने पर हड़कंप मच गया। वृद्ध की पहचान थाना बेला क्षेत्र के गांव बमनौटी निवासी राम किशोर बाथम के रूप में हुई, जो पिछले तीन माह से थाना एरवाकटरा क्षेत्र के गांव बढ़िन में अपनी बेटी के घर पर रह रहा था।
बेला थाना क्षेत्र के गांव बमनौटी निवासी राम किशोर बाथम (60 वर्ष) पुत्र भिखारी लाल के तीन पुत्र जसवंत, अर्पित व अमित के अलावा पांच बेटियां अनीता, विनीता, सुनीता हैं। वृद्ध राम किशोर भूमिहीन था। उसने अपनी पांचों पुत्रियों की शादी कर दी थी।
जिसमें तीन पुत्रियों अनीता, विनीता व सुनीता की शादी थाना एरवाकटरा क्षेत्र के गांव बढ़िन में हुई थी। बड़े पुत्र जसवंत की भी शादी हो गई थी। जसवंत अपनी पत्नी व दोनों भाईयों अर्पित व अमित के साथ पंजाब में नौकरी करता है।
राम किशोर अपनी पत्नी गीता के साथ गांव बमनौटी में रहते थे। किन्तु तीन माह पूर्व मार्च में पत्नी गीता की मृत्यु हो जाने पर वह परेशान रहने लगे थे। जिसके चलते बड़ी बेटी अनीता उन्हें अपने घर बढ़िन ले आयी थी और राम किशोर वहीं पर रहते थे। बताया गया कि राम किशोर बुधवार की सुबह करीब 7 बजे शौचक्रिया के लिए घर से निकले थे। जिसके बाद से वापिस घर नहीं पहुंचे।
पिता के घर वापस न आने पर अनीता व उसकी बहनें परेशान हो गई और परिजनों के साथ पिता की खोजबीन में जुटीं थी। गुरूवार की सुबह बढ़िन गांव से 11 किलोमीटर दूर थाना बिधूना क्षेत्र के गांव मऊ व गूरा के समीप देवघट बाबा मंदिर से 5 सौ मीटर दूरी पर नदी के किनारे ग्रामीणों ने एक वृद्ध का शव पड़ा देखा।
जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई। नदी किनारे शव मिलने की जानकारी होते राम किशोर की पुत्रियां व दामाद आदि भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव की पहचान अपने पिता राम किशोर के रूप में की। पिता के शव को देखकर पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ये भी पढ़ें- Kanpur Murder: छत पर सोता रहा पिता, नीचे बेटे की हो गई हत्या...घर के करीबी पर वारदात का शक
