फिरोजाबाद: पत्नी को दिल्ली में छोड़कर घर आया युवक, बोला- पैसों की बहुत तंगी है...फिर लगा ली फांसी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के नगला करन सिंह में पैसों की तंगी के चलते एक युवक ने खुदकुशी कर ली। शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा तो परिवार में कोहराम मच गया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। 

दरअसल, थाना उत्तर क्षेत्र के नगला करन सिंह निवासी 32 वर्षीय नितिन दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था, जहां पत्नी भी उसके साथ रहती थी। वहीं बीते मंगलवार को नितिन अकेला फिरोजाबाद में अपने घर आ गया। इस दौरान चुपचाप और परेशान देखकर परिजनों ने जब पूछा तो उसने बताया कि इस समय पैसों की बहुत तंगी चल रही है, इसलिए वो कुछ दिन घर पर ही रहेगा। 

वहीं गुरुवार रात को नितिन किसी को बताए बिना अपने पुराने मकान में चला गया और वापस घर नहीं लौटा। जब शुक्रवार सुबह परिजन उसको तलाशते हुए पुराने मकान में पहुंचे तो वहां कमरे में नितिन का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। इसकी जानकारी लगते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

ये भी पढे़ं- आगरा: घर में लगी आग में कारोबारी का बेटा जिंदा जला, सिलेंडर में धमाके से फैली दहशत

 

संबंधित समाचार