भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी के साथ उपनिरीक्षक ने अभद्रता की, निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पुलिस आयुक्तालय के एक उपनिरीक्षक (यातायात) को रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रवक्ता के साथ कथित तौर पर अभद्रता करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को एक उपनिरीक्षक (यातायात) को वाहनों की जांच करने के दौरान भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी और उनके परिवार के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने के लिए निलंबित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि घटना शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे की है जब त्रिपाठी अपने परिवार के साथ श्रीनगर से लौटे और घर जा रहे थे तभी कृष्णा नगर इलाके में उप निरीक्षक (यातायात) आशुतोष त्रिपाठी ने उनके वाहन को रोका और उनसे तथा उनके परिवार के सदस्यों से कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया। त्रिपाठी ने पुलिस को दी गई अपनी लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि उनके वाहन के सभी कागजात पूरे थे, इसके बावजूद अधिकारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। 

यातायात पुलिस की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि उप निरीक्षक त्रिपाठी के खिलाफ आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है और विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं। कुछ मीडियाकर्मियों ने सोशल मीडिया पर इस मामले को प्रमुखता से उठाया जिसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद राधामोहन दास अग्रवाल ने भी राज्य पुलिस से मामले का संज्ञान लेने को कहा।

यह भी पढ़ेः "25 जुलाई से होगा डीआईओएस कार्यालय का घेराव"

 

संबंधित समाचार