अयोध्या: करंट की चपेट में आकर युवक की मौत, भाई ने बिजली विभाग पर लगाया ये आरोप
मिल्कीपुर/ अयोध्या, अमृत विचार। इनायत नगर थाना क्षेत्र के गुजरामऊ गांव में जर्जर लाइन का तार बदलते समय विद्युत करंट की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।
बताया गया कि एनसीसी कंपनी द्वारा मिल्कीपुर ब्लाक क्षेत्र के गुजरामऊ गांव में पुरानी विद्युत लाइन के तारों को बदलने का काम कराया जा रहा है। ठेकेदार कन्हैया प्रसाद द्वारा बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के असरेवा मठिया गांव निवासी युवक अवधेश यादव (35) पुत्र रामानंद को तार बदलने के कार्य में लगाया गया था। सोमवार को करीब 3 बजे शटडाउन होने के बावजूद भी अचानक विद्युत आपूर्ति हो जाने के चलते लाइन पर काम कर रहा युवक अवधेश यादव झुलसकर नीचे जा गिरा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों एवं अन्य साथियों द्वारा उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। लाइन तार बदलवाने का काम करा रहे ठेकेदार कन्हैया प्रसाद का कहना है कि उसके द्वारा जेई और एसडीओ से कहकर शटडाउन लिया गया था। लेकिन उपकेंद्र के जिम्मेदार लोगों द्वारा अचानक लाइन चालू कर दी गई। जिसके चलते यह हादसा हुआ है।
वहीं मृतक युवक के भाई लालबहादुर यादव ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मचारियों की घोर लापरवाही की वजह से मेरे भाई की मौत हुई है। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें -Prayagraj accident: टैंकर ने एक ही परिवार के पांच लोगों को कुचला, ऑन स्पॉट हुई मौत
