हरदोई : अपनी ही सरकार में अपनों की दुर्दशा से मुख्यमंत्री को कराया अवगत
भाजपा नेता ने बयां किया निष्ठावान कार्यकर्ताओं का दर्द
हरदोई, अमृत विचार। काफी अरसे से भाजपा की सेवा में लगे सुनील शुक्ला ने अपनी ही सरकार में भाजपा में समर्पित निष्ठावान कार्यकर्ताओं की दुर्दशा से मुख्यमंत्री को अवगत कराया, वहीं प्रदेश में अधिकारियों के बेलगाम होने व जमकर भ्रष्टाचार की बात भी उन्होंने कही। भाजपा नेता की सोशल मीडिया पर की गई यह पोस्ट तमाम प्रश्न खड़े कर गई है। इस पोस्ट की चर्चा जिले से लेकर प्रदेश तक हो रही है।
बताते चलें कि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने अपनी पोस्ट में पुलिस द्वारा की गई अभद्रता को दर्शाया। इसी पोस्ट को टैग करते हुए खांटी भाजपाई सुनील शुक्ला ने सोशल मीडिया पर कार्यकर्ताओं का दर्द बयां किया है। अपनी पोस्ट में श्री शुक्ला ने कहा कि प्रदेश की स्थिति ठीक नहीं चल रही है। अधिकारी व कर्मचारी बेलगाम होकर भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने थाना, तहसील, आरटीओ, समाज कल्याण, शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग में जमकर भ्रष्टाचार किए जाने की बात कही है। श्री शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा समर्थित कर्मचारी व अधिकारी भाजपा को सत्ता से हटाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री को गलत फीडबैक देकर गुमराह किया जा रहा है। जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है, जिससे सरकार की बदनामी हो।
यही नहीं भाजपा कार्यकर्ताओं के वोट लोकसभा चुनाव में भारी संख्या में काट दिए गए। भाजपा नेता ने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं की यह सुनने वाला नहीं है। जनपद से लेकर प्रदेश तक दलाल, बेईमान सत्ता दल में शामिल हो गए हैं। दूसरे दल के नेताओं ने निष्ठावान समर्पित कार्यकर्ताओं को पीछे कर दिया है। खनन माफिया, जुआ अड्डा चलाने वाले को पार्टी में स्थान दिया जा रहा है, जिससे निष्ठावान समर्पित निष्ठा कार्यकर्ताओं का उत्साह समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री ईमानदारी व मेहनत से कार्य कर रहे हैं। सत्ता और संगठन के लोग धर्नाजन में लगे हुए हैं। पुराने कार्यकर्ता ऐसी स्थिति में खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का परिणाम लोकसभा चुनाव में देखने में मिल चुका है। उन्होंने यह पोस्ट मुख्यमंत्री सहित तमाम भाजपा नेताओं को टैग की है।
खांटी भाजपाई सुनील शुक्ला की यह पोस्ट यहां चर्चा का विषय बनी हुई, वहीं भाजपाइयों को भी इस पर मंथन के लिए मजबूर कर रही है। श्री शुक्ला की यह पोस्ट जिले ही में ही नहीं बल्कि प्रदेश में भी चर्चा हो रही है। पोस्ट को लेकर तमाम तरह की कमेंट लोगों द्वारा की जा रही है। तमाम पुरानी भाजपाई सुनील शुक्ला की पोस्ट से सहमति हैं उनका भी यही कहना है कि सच्चे भाजपाईयों की इस समय स्थिति बहुत ही दयनीय है।
यह भी पढ़ेः Lucknow University: आवेदनों की शुरू हुई स्क्रीनिंग
