डीपीआरओ का निरीक्षण : गांव में गंदगी मिलने पर प्रधानों को नोटिस, चार सफाई कर्मी निलंबित 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार।  जिला पंचायत राज अधिकारी नीतेश भोंडेले ने विकास खंड हरख के टिकरा मुर्तजा, टिकरा उस्मा, आदमपुर भटपुरा, सुल्तानपुर और बंकी के छेदानगर का निरीक्षण किया। यहां कमियां ही कमियां मिलीं। डीपीआरओ ने सचिव, ग्राम प्रधान को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। वहीं, चार सफाई कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।

हरख के ग्राम पंचायत टिकरा मुर्तजा के पंचायत भवन का निरीक्षण किया। यहां ग्राम पंचायत सचिव की अनुपस्थिति में प्रतिनिधि मोहम्मद इसरार एवं एक अन्य व्यक्ति राजू पुत्र श्री नौमीलाल द्वारा ई-ग्राम स्वराज के माध्यम से भुगतान करते हुए पकड़ा। मौके से छह नकद बाउचर, तीन बिल एवं प्रशासनिक व्यय की फाइल एवं सचिव और प्रधान के आठ डोंगल (डिजिटल हस्ताक्षर) राजू से जब्त किए गए। सहायक विकास अधिकारी पंचायत को सचिव और निजी कर्मचारी पर मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। वहीं, सामुदायिक शौचालय का डीपीआरओ ने निरीक्षण किया। सामुदायिक शौचालय को पुनः मरम्मत कराए जाने का निर्देश दिया।

कूड़ा निस्तारण केंद्र संचालित नहीं मिला। केंद्र का निर्माण मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। गांव में बनी नालियां चोक मिलीं, जलभराव, कूड़े, कचरे का ढेर पाया गया। निरीक्षण के काफी समय बाद सचिव नवीन मित्तल गांव पहुंचे। डीपीआरओ ने बताया कि निरीक्षण के बाद एडीओ पंचायत को प्रधान प्रतिनिधि ने जान से मारने की धमकी दी है। कहा है कि पुलिस से कहकर मार्फीन में रखा दें। जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया गया है। मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।

कर्मचारी गैरहाजिर, फैली मिली गंदगी

हरख के ग्राम पंचायत आदमपुर भटपुरा में पंचायत भवन का डीपीआरओ नीतेंश भोंडेले ने निरीक्षण किया। भवन खुला था, गंदगी फैली हुई थी। झाड़ियों की कटाई नहीं की गई थी। सफाई कर्मचारी तेज नरायन अनुपस्थित मिले। विद्यालय के प्रांगण में जलजमाव की स्थिति मिली। टिकरा उस्मा में पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय बंद मिला। प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन एवं सामुदायिक शौचालय के प्रांगण में गंदगी मिली। यहां के सफाईकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।

नाली निर्माण में पीली ईंट का प्रयोग

ग्राम पंचायत सुल्तानपुर का निरीक्षण डीपीआरओ ने किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में निर्मित शौचालय एवं बच्चों के लिए बने हैंडवाश की मरम्मत योग्य मिला। ग्राम पंचायत से वित्त आयोग की धनराशि से कार्य कराए जाने का निर्देश दिया। रामाशंकर के घर से पंचाराम के घर तक नाली का निर्माण कार्य कराया जा रहा था, निर्माण में पीली ईंट व मसाले में मौरंग की जगह सफेद बालू का उपयोग किया जा रहा था, जो कि निर्माण कार्य में मानक के विपरीत है। ग्राम अख्तियारपुर में पंचायत भवन का निरीक्षण किया गया। पंचायत भवन बंद मिला। पंचायत सहायक अनुपस्थित थीं। सामुदायिक शौचालय में ताला लगा था। प्राथमिक विद्यालय एवं सामुदायिक शौचालय तक जाने के लिए कच्चा रास्ता है। ग्राम सरांय सिकंदर में एकीकृत ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन केंद्र तक जाने के लिए मार्ग का निर्माण नहीं हुआ था। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि सफाई कर्मचारी सकील अंसारी द्वारा ग्राम पंचायत में साफ-सफाई का कार्य नहीं किया जाता है। यहां के सफाईकर्मी निलंबित किया गया है।

पंचायत भवन को बना दिया घर

बंकी के ग्राम पंचायत छेदानगर में डीपीआरओ ने हाल देखा। यहां प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में ही पंचायत भवन भी निर्मित मिला। भवन में स्वयं सहायता समूह की एक महिला रह रही है। पंचायत भवन में ग्राम सचिवालय से संबंधित कोई भी कार्य नहीं किया जा रहा था। आसपास काफी गंदगी पाई गई। पंचायत सहायक अनुपस्थित थे। सफाई कर्मचारी पूनम उपस्थित नहीं थीं। यहां सचिव और प्रधान से जवाब मांगा गया है। यहां के सफाईकर्मी को निलंबित कर दिया गया।

यह भी पढ़ेः Lucknow University: आवेदनों की शुरू हुई स्क्रीनिंग

संबंधित समाचार