बरेली: पुलिस मुठभेड़ में सभासद हिस्ट्रीशीटर केपी यादव समेत दो गिरफ्तार, कई नए राज खुले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हिस्ट्रीशीटर केपी यादव और सुभाष लोधी को पैर में गोली मारकर किया गिरफ्तार

बरेली, अमृत विचार। भाड़े के गुंडों के जरिए प्लॉट पर कब्जा करने के लिए पीलीभीत बाईपास पर भीषण गोलीबारी कराने वाले हिस्ट्रीशीटर केपी यादव और उसके साथी सुभाष लोधी को पुलिस ने शनिवार देर रात पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों से एक-एक तमंचा और कार बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश के दौरान एसओजी और इज्जतनगर पुलिस की संयुक्त टीम विलयधाम के आगे लड्डूपुरा मार्ग पर एक कार को रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में कार में सवार दोनों लोगों को गोली लगी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। 

दोनों पर अलग-अलग थानों में करीब एक-एक दर्जन केस दर्ज हैं। हाल ही में सुभाष लोधी और उसके साथी रवि वाल्मीकि ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पूरनलाल लोधी के छोटे भाई एडवोकेट मोहन स्वरूप लोधी पर भी गोली चलाई थी। वह पूरनलाल लोधी का रिश्ते का भतीजा है।

आठ महीने पहले संजय से सौदा कर केपी ने तीन गिरोहों के जरिए कराई फायरिंग
हिस्ट्रीशीटर केपी यादव ने पुलिस को बताया कि प्लॉट पर कब्जा करने की योजना करीब आठ महीने पहले बना ली गई थी। इसके लिए राजीव राणा ने उसे तीन लाख रुपये एडवांस दिए थे। उस समय 10 लाख रुपये में सौदा हुआ था लेकिन गोलीकांड के 10 दिन पहले संजय राणा ने जब उसे पुराने सौदे के मुताबिक भाड़े के गुंडे भेजने के लिए कहा तो उसने इन्कार कर दिया। इसके बाद यह सौदा 15 लाख रुपये में तय हुआ। संजय ने इस बार काम होने के बाद बाकी रकम देने के लिए कहा था। सौदा तय होने के बाद केपी यादव ने जिले में अपने-अपने गिरोह चला रहे तीन अपराधियों से बात की। तीनों के साथ दो-दो लाख रुपये में सौदा फाइनल हो गया। तय हुआ कि रकम तभी मिलेगी जब प्लॉट पर कब्जा हो जाएगा। इसलिए किसी भी हाल में लड़के बिना प्लॉट पर कब्जा हुए वापस न लौटें।

दो बड़े असलाह सप्लायरों से खरीदे गए हथियार
केपी ने बताया कि सौदा तय होने के बाद योजना बनाई गई। हथियार कम थे तो उसने हथियारों के दो बड़े सप्लायरों से संपर्क कर यह कमी पूरी की। ये हथियार गोलीकांड से एक दिन पहले पार्टी होने के बाद होटल में गिरोह के खास लड़कों को बांटे गए। उन्हें हिदायत दी कि मौके से किसी कीमत पर न भागें। मौके पर लाने से पहले इन लड़कों को शराब भी पिलाई गई ताकि वे नशे में किसी से डरे नहीं।

अखबारों की कटिंग भेजकर सतर्क करती रही प्रेमिका
पुलिस ने केपी यादव का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर देखा तो उसमें उसकी प्रेमिका के कई मेसेज पड़े थे। उसने उसे अखबारों की तमाम कटिंग भी भेजी थीं और सलाह दी थी कि वह होटल में न रुके वर्ना पुलिस उसे गिरफ्तार कर लेगी। एक मेसेज था कि वह बात करने के बाद फौरन मोबाइल बंद कर दिया करे ताकि पुलिस उस तक न पहुंच पाए।

ये भी पढ़ें- बरेली: धर्म-समाज बने रहे मूक दर्शक, प्रशासन की भी लटकी रह गई जांच, आज बंद कर दिया जाएगा आर्य समाज अनाथालय

संबंधित समाचार