Unnao: छत में सोता रहा परिवार, चोरों ने नकदी व जेवर समेत पार किया लाखों का माल, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव, अमृत विचार। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के राम नगर मोहल्ले में छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुये चोरों ने नकदी व जेवर समेत लाखों का माल पार कर दिया। इस दौरान परिवार छत पर सो रहा था। सुबह उठने पर अलमारी व दरवाजे के ताला टूटा देख परिजनों को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है।

बता दें राम नगर निवासी इस्माइल सब्जी बेचने का काम करता है। इसके अलावा वह शादी में दूल्हे के लिये किराये पर बग्घी भी देता है। इस्माइल ने बताया कि शनिवार रात खाना खाने के बाद उन्होंने मुख्य दरवाजे में ताला लगा दिया और छत पर पत्नी उजमा परवीन, बेटी आयशा रैनी के साथ सोने चले गये। देर रात अज्ञात चोर ने छत के रास्ते घर में दाखिल हुये और दरवाजे का ताला तोड़कर कमरे में पहुंच गये। 

चोरों ने कमरे में रखी आलमारी और बक्से का ताला तोड़कर दो सोने के हार, चेन, मांग बेंदी, नाक की नथ, दो अंगूठी के अलावा चांदी के हाथ के फूल, दो जोड़ी पायल ढाई-ढाई सौ ग्राम, एक चांदी का हार, बच्चे के हाथ के कड़े, पायल व 15 हजार की नकदी समेत तीन लाख रुपये से अधिक का माल पार कर दिया। 

सुबह उठने पर मुख्य दरवाजे पर लगा ताला टूट देख उनके होश उड़ गये। कमरे का बिखरा सामान देख उन्हें घटना की जानकारी हुयी। पीड़ित ने गंगाघाट कोतवाली पुलिस को चोरी की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीड़ित इस्माइल ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने की बात कह रही है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: कोपरगंज में कोच रेस्टोरेंट बनाने की तैयारी कर रहा रेलवे, यात्री लजीज मनपसंद व्यंजनों का ले सकेंगे स्वाद

संबंधित समाचार