कासगंज: बारिश से गिरी मकान की छत, मलबे में दबकर वृद्ध महिला की मौत
सोरोंजी, अमृत विचार। सोरों कोतवाली के गांव नगला मोती में रविवार को हुई बारिश से मकान की छत गिर गई। जिससे मलबे में दबकर वृद्ध महिला की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं शहर में हुई एक अन्य घटना में छत से गिरने से परिवार के तीन सदस्य गंभीर घायल हुए।
रविवार को तेज बारिश हुई थी। गांव नगला मोती निवासी चंद्रपाल के पुराने मकान की छत बारिश से गिर गई। छत की नीचे बैठकी चंद्रपाल की 75 वर्षीय पत्नी भगवती मलबे में दब गई। परिवार में चीख-पुकार मच गई। चीख पुकार की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। मलबा हटाकर जब भगवती को निकाला गया तो वह गंभीर रूप से घायल थीं।
आनन फानन में परिजन व ग्रामीण उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना सोरों कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर भोजराज अवस्थी का कहना है कि मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। सूचना के आधार पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
छत गिरने की एक अन्य घटना शहर के मुहल्ला नवाब गली सिंघल प्रेस वाली में हुई। मुहल्ला निवासी राजबहादुर शर्मा के मकान की छत बारिश के बारिश के चलते भरभरा गिर गई। जिससे मलबे में दबकर उनकी पत्नी मिथलेश शर्मा, पुत्रबधू पिंकी शर्मा एवं नाती अभय शर्मा घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए शहर के निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है।
