प्रयागराज : अवैध वसूली के आरोप में महिला आबकारी इंस्पेक्टर निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दो अनुज्ञापियों की शिकायत पर हुई गोपनीय जांच में दोषी पाए जाने पर हुई कार्रवाई

प्रयागराज, अमृत विचार ।  फूलपुर की आबकारी इंस्पेक्टर वंदना सिंह को निलंबित कर दिया गया है। उन पर शराब की दुकानों से जबरन वसूली करने का आरोप लगाया गया था। इस पर उनके खिलाफ गोपनीय जांच कराई गई तो शिकायत सच पाया गया। इसके बाद उन पर कार्रवाई की गई। 

जानकारी के मुताबिक दो अनुज्ञापियों ने लखनऊ में जाकर आबकारी आयुक्त डा. आदर्श से की थी। फूलपुर में अंग्रेजी शराब के एक अनुज्ञापी ने इंस्पेक्टर पर यह आरोप लगाया कि दुकान से पांच हजार रुपये माह विभाग की इंस्पेक्टर लेती थीं। मगर तीन माह से वह 10 से 15 हजार रुपये जबरन सेल्समैन से लेने लगी थीं। मना करने पर पिछले दिनों वह दुकान से 30 हजार रुपये की शराब जबरन उठवा ले गईं। साथ ही फर्जी मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। यही नहीं सेल्समैन को धमकी भी दी थी कि उसे तथा दुकानदार के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज करा देंगी।

बताते हैं कि 2007 बैच की इंस्पेक्टर का अगले माह असिस्टेंट कमिश्नर पद पर प्रोन्नत होने वाला था। करीब छह माह पूर्व ही अलीगढ़ से स्थानांतरित होकर यहां आई थीं। कहा जाता है कि लखनऊ में मकान खरीदने के बाद से ही उन्होंने अवैध वसूली की रकम बढ़ा दी। दुकानदारों के मना करने पर वह कार्रवाई करने पहुंच जाति थीं। मिली शिकायतों की जांच कराई गई। इसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। उनके स्थान पर लखनऊ में विभाग के टास्क फोर्स में तैनात अभिषेक मिश्रा को फूलपुर का आबकारी इंस्पेक्टर बनाया गया है।

संबंधित समाचार