बाराबंकी: अखिलेश यादव के जन्मदिन गोप ने शुरू किया PDA पेड़ कैंपेन, बोले- गठबंधन रहेगा जारी, 2027 में यूपी से भाजपा होगी साफ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन को लेकर जिले के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में काफी उत्साह है। अखिलेश यादव के जन्मदिन पर सपा नेता व कार्यकर्ता एक हफ्ते तक वृक्षारोपण अभियान चलाएंगे। जिसमें PDA पेड़ के रूप में बरगद, पीपल और नीम के पेड़ लगाए जा रहे हैं।

सपाइयों का कहना है कि हर तरफ फैले हुए तरह-तरह के प्रदूषण को दूर करने के लिए, आवश्यकता जमीन से जुड़े पेड़ों की है, मानव निर्मित शाखाओं की नहीं। इस मौके पर वृक्षारोपण करते हुए सपा के राष्ट्रीय सचिव अरविंद सिंह गोप ने कहा कि PDA पेड़ पौधारोपण के इस आंदोलन को हम राष्ट्रव्यापी आंदोलन बनाएंगे। इस मौके पर अखिलेश यादव दीर्घायु पीडीए वृक्षारोपण हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

अरविंद सिंह गोप ने कहा कि वृक्षारोपण हरियाली देने के साथ, पर्यावरण को शुद्ध भी रखता है। गरीब और किसान इसकी छाया में बैठकर आनंद महसूस करता है। इसीलिये हम लोग अखिलेश यादव के जन्मदिन पर पौधारोपण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश का कोई भी संगठन समाजवादी पार्टी के संगठन का मुकाबला नहीं कर सकता है। समाजवादी पार्टा को नेता जी यानी मुलायम सिंह यादव ने बनाया है। नेता जी ने 2012 में इस पार्टी की कमान अखिलेश यादव को सौंपी। अखिलेश यादव ने सारे कीर्तिमान तोड़कर सबसे ज्यागा सांसदों को लोकसभा में पहुंचाया।

गोप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने धन, दौलत और सरकारी मशीनरी की पूरी ताकत लगा ली उसके बाद भी वह सपा को रोक नहीं सके। सपा उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी और देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। आज गरीब, किसान और नौजवान को अखिलेश यादव पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य छोटे दलों के साथ हमारा गठबंधन इसी तरह आगे भी जारी रहेगा। हम सबने मिलकर जैसे दिल्ली में बीजेपी को कमजोर किया है। आने वाले समय में उसी तरह उत्तर प्रदेश से भी भारतीय जनता पार्टी को उखाड़ फेकेंगे और अखिलेश यादव के नेतृत्व में 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएंगे।

यह भी पढ़ें:-Akhilesh Yadav Birthday: अखिलेश यादव का जन्मदिन आज, कार्यकर्ताओं में उत्साह, सीएम योगी ने दी जन्मदिन की बधाई

संबंधित समाचार