बरेली: सौ बेड के ईएसआई अस्पताल को भूमि मिली, शिलान्यास व भूमि-पूजन कल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। रुहेलखंड के पहले ईएसआई अस्पताल का निर्माण कराने के लिए प्रस्तावित भूमि शनिवार को राज्य कर्मचारी बीमा निगम के नाम कर दी गयी, जहां सौ बेड का अत्याधुनिक अस्पताल बनेगा। अस्पताल बनने के बाद हजारों कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा। ईएसआई अस्पताल के लिये सीबीगंज स्थित करीब 15 साल से बंद पड़ी इंडियन …

बरेली,अमृत विचार। रुहेलखंड के पहले ईएसआई अस्पताल का निर्माण कराने के लिए प्रस्तावित भूमि शनिवार को राज्य कर्मचारी बीमा निगम के नाम कर दी गयी, जहां सौ बेड का अत्याधुनिक अस्पताल बनेगा। अस्पताल बनने के बाद हजारों कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा। ईएसआई अस्पताल के लिये सीबीगंज स्थित करीब 15 साल से बंद पड़ी इंडियन टर्पेनटाइन रोजिन फैक्ट्री (आइटीआर) में बंगला नंबर 11 की करीब 18920 वर्ग मीटर भूमि राज्य कर्मचारी बीमा निगम के नाम कर दी गयी।

आईटीआर कंपनी के बतौर प्रबंध निदेशक मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने भूमि की रजिस्ट्री कराने की सभी औपचारिकताएं पूरी कीं। अवकाश के दिन खोले गये रजिस्ट्री कार्यालय में सहायक महानिरीक्षक स्टांप ब्रज चंद्र सिंह के कार्यालय में मंडलायुक्त और कानपुर से आये राज्य कर्मचारी बीमा निगम के रीजनल निदेशक निरंजन कुमार ने भूमि की रजिस्ट्री कराने के लिये कागजातों पर हस्ताक्षर किये।

ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंडलायुक्त और रीजनल मैनेजर के साथ बतौर गवाह नगर मजिस्ट्रेट मदन कुमार और राज्य कर्मचारी बीमा निगम के उप निदेशक हरिओम प्रकाश ने रजिस्ट्री कागजातों पर अंगूठा लगाये। दोपहर 12 बजे से शुरू रजिस्ट्री की प्रक्रिया अपराह्न करीब 3:30 बजे तक चली। यह भूमि 624360000 रुपये में खरीदी गयी है। इसमें 43005200 रुपये का स्टांप शुल्क लगा है। इसे 33 हजार प्रति वर्ग मीटर की दर से खरीदा गया है।

इस मौके पर बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति एवं रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के चेयरमैन डा. केशव कुमार अग्रवाल, केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के ओएसडी रमेश जैन, अपर आयुक्त प्रशासन अरुण कुमार, एआईजी ब्रजचंद्र सिंह, सब रजिस्ट्रार प्रथम ब्रिजेश कुमार, सब रजिस्ट्रार द्वितीय राकेश कुमार गौतम आदि अधिकारी मौजूद रहे।

4 दिसंबर, 2019 को ईएसआई अस्पताल बनाने के प्रस्ताव को मिली थी स्वीकृति
आइटीआर की भूमि पर 4 दिसंबर, 2019 को सौ बेड के ईएसआई अस्पताल बनाने के प्रस्ताव पर स्वीकृति मिली थी। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की पैरवी पर केंद्रीय मंत्रालय के प्रस्ताव पर आइटीआर फैक्ट्री के बतौर प्रबंध निदेशक मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद के कार्यालय ने भूमि की कीमत के तौर पर 56.67 करोड़ रुपये की धनराशि जमा कराने को कहा था। पूर्व में स्वीकृत मिलने के बाद 10 फीसद अतिरिक्त रकम की मांग की गयी। इस भूखंड के दोनों तरफ सड़क है। फरवरी 2020 में ईएसआइसी बोर्ड ने 10 फीसद अतिरिक्त धनराशि का आवंटन कर दिया। फैक्ट्री 103 एकड़ में फैली है। बंगला नंबर 11 की भूमि पर शासन ने मुहर लगायी थी। कंपनी की गाटा संख्या 307, बंगला नंबर 11 में 18920 वर्ग मीटर भूमि है।

15 दिन में तैयार हुये कागजातों में 15 बार हुआ संशोधन
ईएसआई अस्पताल के लिये प्रस्तावित भूमि की रजिस्ट्री कराने के लिये 15 दिनों में कागजात तैयार कराये गये। सब रजिस्ट्रार प्रथम ब्रिजेश कुमार ने उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में अपर आयुक्त प्रशासन के निर्देशन में रजिस्ट्री की फाइल बनायी। शुक्रवार को दोपहर बाद से रात 9 बजे तक फाइल तैयार हुई। इस बीच 14 बार संशोधन भी कराया गया।

शनिवार दोपहर एआईजी स्टांप कार्यालय में मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद के समक्ष जब फाइल पहुंची, तब उन्होंने पूरी फाइल बहुत बारीकी से पढ़ी। इस दौरान फाइल में कई त्रुटियां निकलीं। रोजिन की जगह रेजिन लिखा मिला। किसी लाइन का फांट बड़ा तो किसी का छोटा था। कई अन्य त्रुटियां मिलने पर मंडलायुक्त ने संशोधन कराया। 15वां संशोधन करीब घंटेभर में अपर आयुक्त प्रशासन, नगर मजिस्ट्रेट, एआईजी स्टांप और दोनों सब रजिस्ट्रार की मौजूदगी में हुआ। इसके बाद जब फाइल मंडलायुक्त के पास पहुंची। पूरी फाइल देख मन को संतुष्टि होने के बाद मंडलायुक्त ने हस्ताक्षर किये। 62.43 करोड़ कीमत की भूमि की रजिस्ट्री कराने के लिये पूरा रजिस्ट्री कार्यालय का अमला लगा था।

बताते हैं कि मंडलायुक्त ने रूटीन दिनों में रजिस्ट्री कराने की बात कही लेकिन भीड़ का दबाव होने की वजह से अवकाश के दिन रजिस्ट्री कराने के लिए तय किया गया। सुबह 10 बजे रजिस्ट्री कार्यालय खुला। एआईजी, सब रजिस्ट्रार प्रथम और द्वितीय के कार्यालयों का स्टाफ भी पहुंच गया था। राज्य कर्मचारी बीमा निगम के रीजनल मैनेजर निरंजन कुमार, उप निदेशक हरिओम प्रकाश, अधिवक्ता प्रवेंद्र अग्रवाल और आईटीआर कंपनी के सीए भी पहुंच गये थे। सब रजिस्ट्रार ब्रिजेश कुमार के कार्यालय में रजिस्ट्री कराने के लिये अन्य औपचारिकताएं पूरी करायी गयीं थीं।

शिलान्यास से पहले केंद्रीय मंत्री ने तैयारियों का लिया जायजा
केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने शनिवार को राज्य कर्मचारी निगम के ईएसआईसी अस्पताल के शिलान्यास स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों को जायजा लिया। रविवार की सुबह 10.30 बजे होने वाले शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर उन्होंने जिम्मेदार अफसरों को निर्देश दिया। अत्याधुनिक ईएसआईसी अस्पताल निर्माण के लिए इंडियन टर्पेंटाइन रोजिन (आईटीआर) फैक्ट्री की भूमि पर स्थापित किया जाना है। जिसका शिलान्यास केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार को करना है। इसको लेकर केंद्रीय मंत्री ने काफी प्रयास किया है।

संबंधित समाचार